पटना सिटी (न्यूज़ सिटी )। अगमकुआं स्थित नालंदा मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कोरोना पॉजिटिव 4 और कोरोना सस्पेक्टेड 1 मरीज की कुछ ही घंटे के...
पटना सिटी (न्यूज़ सिटी )। अगमकुआं स्थित नालंदा मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कोरोना पॉजिटिव 4 और कोरोना सस्पेक्टेड 1 मरीज की कुछ ही घंटे के अंतराल पर हुई मौत से अस्पताल में एक बार फिर से हड़कंप मच गया है। अस्पताल में 5 मरीजों की हुई मौत से अस्पताल कर्मियों में दहशत का माहौल कायम हो गया है। कोरोना से मौत के शिकार होने वाले 68 वर्षीय योगेंद्र प्रसाद पटना जिले के बुद्धा कॉलोनी के निवासी बताए जाते हैं, जो डायबिटीज से पीड़ित थे।
मृतक रामनाथ यादव 34 वर्ष, वैशाली जिले के बिदुपुर के निवासी बताए जाते हैं, जो हृदय की बीमारी से पीड़ित थे। मृतक हरिद्वार सिंह 64 वर्ष, पटना सिटी के खाजेकला सदर गली के निवासी बताए जाते हैं, जो हृदय की बीमारी से पीड़ित थे। मृतक रामबाबू राय 56 वर्ष, पटना जिले के बेउर के निवासी बताए जाते हैं, जो डायबिटीज से पीड़ित थे। कोरोना सस्पेक्टेड मौत के शिकार हुए 55 वर्षीय योगेंद्र चौहान नालंदा जिले के हिलसा के निवासी बताए जाते हैं,
जो हृदय की बीमारी से पीड़ित थे। बताया जाता है कि सभी मरीज गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराए गए थे। अस्पताल अधीक्षक डॉ हीरालाल महतो ने 5 मौत की पुष्टि करते हुए बताया कि सभी मरीज बेहद गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराए गए थे।

उनका कहना था कि अस्पताल में तैनात चिकित्सकों ने मरीजों की जान बचाने को लेकर हर संभव प्रयास किया, लेकिन मरीज की स्थिति बेहद नाजुक होने के कारण उनकी जान नहीं बचाई जा सकी।



