पटना सिटी। मधुर आवाज़ और सादगी भरे स्वभाव के धनी, पार्श्वगायक प्रेम कुमार को आज पटना सिटी के मानस पथ स्थित स्वरांजलि प्रांगण में आयोजित श...
पटना सिटी। मधुर आवाज़ और सादगी भरे स्वभाव के धनी, पार्श्वगायक प्रेम कुमार को आज पटना सिटी के मानस पथ स्थित स्वरांजलि प्रांगण में आयोजित शोक सभा में भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। सभा का आयोजन स्वरांजलि संस्था की ओर से किया गया, जिसमें शहर के कई कलाकारों और संगीतप्रेमियों ने भाग लिया।
संस्था के महासचिव डा. ध्रुव कुमार ने कहा कि प्रेम कुमार केवल एक गायक नहीं, बल्कि संगीत और गायकी के अनमोल संगम थे। उनकी बहुमुखी आवाज़ में वह जादू था जो श्रोताओं के दिल को छू जाता था। मंच पर उनकी प्रस्तुति अद्वितीय होती थी। वह मोहम्मद रफ़ी साहब को अपना आदर्श और गुरु मानते थे। उन्होंने कई ऑडियो कैसेट में अपनी आवाज़ दी और क्षेत्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई।
प्रेम कुमार के असामयिक निधन से संगीत जगत को अपूरणीय क्षति हुई है। आज दिन में खाजेकला घाट पर उनका अंतिम संस्कार किया गया, जिसमें उनके बड़े सुपुत्र संतोष कुमार ने मुखाग्नि दी। वे अपने पीछे भरा-पूरा परिवार छोड़कर अमर यात्रा पर प्रस्थान कर गए।
सभा में ओम प्रकाश चौबे, राजकिशोर पांडे, अशोक कुमार, सूरज, दीपक, पप्पू गुप्ता, सुशील पंडित, राजा पुट्टू, जितेंद्र कुमार पाल, नितिन कुमार वर्मा, तथा नेक आलम सहित कई कलाकारों ने भाग लेकर अपने-अपने शब्दों में संवेदनाएं प्रकट कीं।
इस आशय की जानकारी स्वरांजलि के मीडिया प्रभारी जितेंद्र कुमार पाल ने दी।
अनिल रश्मि, संयोजक, स्वरांजलि, पटना सिटी.




