PATNA : राजधानी पटना के संपतचक प्रखंड कार्यालय में अधिकारियों की लगातार अनुपस्थिति से नाराज भाकपा माले के कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने ...
PATNA : राजधानी पटना के संपतचक प्रखंड कार्यालय में अधिकारियों की लगातार अनुपस्थिति से नाराज भाकपा माले के कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने सोमवार को प्रखंड कार्यालय में जमकर हंगामा किया। सरकारी कामकाज बुरी तरह प्रभावित होने के कारण आक्रोशित लोगों ने प्रखंड कार्यालय के सामने विरोध प्रदर्शन किया और राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
प्रदर्शनकारी लोगों का कहना था कि अधिकारियों की अनुपस्थिति के कारण म्यूटेशन, परिमार्जन, जाति, आवासीय, आय समेत अन्य प्रमाणपत्रों का काम रुक गया है, जिससे आम जनता को भारी परेशानी हो रही है। कार्यकर्ताओं और स्थानीय निवासियों ने इस स्थिति को लेकर कड़ी नाराजगी जताई और तत्काल दोषी अधिकारियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की।
भाकपा माले के संपतचक प्रखंड सचिव सत्यानंद कुमार ने कहा, "अधिकारियों की अनुपस्थिति के कारण यहां का सारा कामकाज ठप हो गया है। लोग अपने जरूरी सरकारी कामों के लिए बार-बार आते हैं, लेकिन उन्हें खाली हाथ लौटना पड़ता है। राज्य सरकार को इस मामले में गंभीरता दिखाते हुए दोषी अधिकारियों के खिलाफ सख्त कदम उठाने चाहिए।"
स्थानीय निवासी देव सिंह ने बताया, "सरकारी कार्यालय में आम जनता की सुनवाई नहीं हो रही है। लोग प्रमाणपत्र बनाने के लिए महीनों से चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन कोई भी अधिकारी समय पर उपस्थित नहीं होते। हम राज्य सरकार से इस स्थिति में सुधार की मांग करते हैं।"
प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि अगर जल्द ही स्थिति में सुधार नहीं किया गया, तो वे आंदोलन को और तेज करेंगे।




.png)
.png)