पटना सिटी । पटना साहिब विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत भद्र घाट से नौजर घाट तक हो रहे घाटों के सौंदर्यीकरण कार्यों की समीक्षा मंगलवार को बिहार सरक...
पटना सिटी । पटना साहिब विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत भद्र घाट से नौजर घाट तक हो रहे घाटों के सौंदर्यीकरण कार्यों की समीक्षा मंगलवार को बिहार सरकार के नगर विकास मंत्री श्री जीवेश मिश्रा ने की। भद्र घाट पर पहुँचते ही उनका स्वागत बिहार विधानसभा अध्यक्ष एवं स्थानीय विधायक श्री नंदकिशोर यादव ने पुष्पगुच्छ भेंट कर किया।
नगर विकास मंत्री ने भद्र घाट, नौजर घाट और महावीर घाट में चल रहे निर्माण कार्यों का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। मौके पर उपस्थित मीडिया कर्मियों को संबोधित करते हुए श्री नंदकिशोर यादव ने कहा कि विधायक बनने के बाद से ही उन्होंने पटना सिटी के घाटों के विकास को प्राथमिकता दी है।
उन्होंने जानकारी दी कि 52 करोड़ रुपये की लागत से भद्र घाट से पश्चिम दिशा में पथरी घाट, नरकट घाट, बजरंग घाट, लोहारवा घाट, राजा घाट और गोसाई घाट का निर्माण पूरा हो चुका है। इसके अलावा 24 करोड़ रुपये की लागत से खाजेकलां घाट का भी निर्माण कार्य पूर्ण किया गया है। शेष घाटों के विकास के लिए आवश्यक कार्रवाई प्रगति पर है।
नगर विकास मंत्री श्री जीवेश मिश्रा ने बताया कि वर्तमान में 43 करोड़ रुपये की लागत से तीन घाटों और पाँच पार्कों का निर्माण किया जा रहा है, जिसे अगस्त 2025 तक आम जनता को समर्पित कर दिया जाएगा। उन्होंने आश्वस्त किया कि भविष्य में सभी घाटों का समुचित विकास सुनिश्चित किया जाएगा।
इस अवसर पर भाजपा प्रदेश प्रवक्ता प्रभाकर मिश्रा, महानगर अध्यक्ष रूप नारायण मेहता, पूर्व मीडिया प्रभारी प्रदीप काश सहित लल्लू शर्मा, अनिल श्रीवास्तव, सुदामा सिंहा, जीतेंद्र कुमार जितू, पंकज गुप्ता, मोहन निषाद, लड्डू चंद्रवंशी, राजू गुप्ता, सत्यदेव पप्पू, स्मिता रानी, विनय बिट्टू समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।





