पटना सिटी। महागठबंधन द्वारा 9 जुलाई को आहूत बिहार बंद के समर्थन में सोमवार को राजधानी पटना सहित राज्य भर में जोरदार प्रदर्शन हुआ। पटना साहि...
पटना सिटी। महागठबंधन द्वारा 9 जुलाई को आहूत बिहार बंद के समर्थन में सोमवार को राजधानी पटना सहित राज्य भर में जोरदार प्रदर्शन हुआ। पटना साहिब विधानसभा क्षेत्र में राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के कार्यकर्ताओं ने संध्या समय मसाल जुलूस निकालकर बंद का समर्थन किया और राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाज़ी की।
जुलूस में सैकड़ों कार्यकर्ता हाथों में मशाल लेकर शामिल हुए। उन्होंने बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी, बिगड़ती कानून व्यवस्था और चुनाव आयोग की कथित तानाशाही नीतियों के खिलाफ विरोध जताया। कार्यकर्ताओं का कहना था कि राज्य की मौजूदा सरकार जनहित के मुद्दों पर पूरी तरह विफल रही है।
राजद के युवा नेता विक्की आनंद ने कहा कि बिहार में कानून व्यवस्था पूरी तरह चरमरा चुकी है। आए दिन हो रही हत्या, लूट और अन्य आपराधिक घटनाओं से आम जनता भयभीत है। उन्होंने चुनाव आयोग पर पक्षपात का आरोप लगाते हुए कहा कि उसकी नीतियां लोकतांत्रिक व्यवस्था के विरुद्ध हैं।
विक्की आनंद ने स्पष्ट किया कि महागठबंधन द्वारा बुलाया गया 9 जुलाई का बिहार बंद पूर्णतः शांतिपूर्ण रहेगा। यह बंद सरकार को यह चेतावनी देगा कि जनता अब अन्याय के खिलाफ चुप नहीं बैठेगी। जुलूस में राजद के स्थानीय पदाधिकारी, युवा मोर्चा के कार्यकर्ता और आम नागरिक बड़ी संख्या में शामिल हुए।




