पटना: डिप्लोमा फार्मासिस्ट आर्गनाइजेशन छात्र संघ बिहार ने संवाददाता सम्मेलन कर सरकार से 2473 डिप्लोमा फार्मासिस्टों के रिक्त पदों पर नियमित...
पटना: डिप्लोमा फार्मासिस्ट आर्गनाइजेशन छात्र संघ बिहार ने संवाददाता सम्मेलन कर सरकार से 2473 डिप्लोमा फार्मासिस्टों के रिक्त पदों पर नियमित नियुक्ति की प्रक्रिया में तेजी लाने की मांग की है। छात्र संघ के अध्यक्ष अरविंद कुमार ने बिहार तकनीकी सेवा आयोग से जल्द विज्ञापन जारी करने और प्रक्रिया पूरी करने का आग्रह किया।
उन्होंने बताया कि यह बहाली बिहार फार्मासिस्ट संवर्ग (संशोधन) नियमावली 2024 के अनुसार होनी है, जिसमें 75 अंकों की लिखित परीक्षा और 25 अंक अनुभव को दिए जाएंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि डिप्लोमा इन फार्मेसी अनिवार्य योग्यता है, और बी फार्म एवं एम फार्म योग्यताधारी बिना डिप्लोमा इन फार्मेसी के इन पदों के लिए पात्र नहीं होंगे।
संघ ने आरोप लगाया कि लोकसभा चुनाव के बाद तीन महीने में नियुक्ति प्रक्रिया पूरी करने के उच्च न्यायालय के आदेश के बावजूद छह महीने बीत चुके हैं और अब तक विज्ञापन जारी नहीं किया गया। संघ अध्यक्ष ने अवमानना वाद याचिका दायर करने की भी जानकारी दी।
संघ का कहना है कि राज्य के सरकारी अस्पतालों में फार्मासिस्टों की भारी कमी है, जिससे मरीजों को अप्रशिक्षित व्यक्तियों से दवाइयां लेनी पड़ रही हैं। यह न केवल फार्मेसी एक्ट का उल्लंघन है, बल्कि मरीजों की सुरक्षा के लिए भी खतरा है।
संवाददाता सम्मेलन में सचिव रजत राज, कोषाध्यक्ष कपिल कुमार और अन्य पदाधिकारी भी मौजूद थे। संघ ने सरकार से त्वरित कार्रवाई की मांग की है।




