पटना सिटी। अगमकुआं थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर सोमवार देर रात कुम्हरार ग्वालटोली मोहल्ले में छापेमारी कर दो कुख्यात अपराधियों को ...
पटना सिटी। अगमकुआं थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर सोमवार देर रात कुम्हरार ग्वालटोली मोहल्ले में छापेमारी कर दो कुख्यात अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए अपराधियों की पहचान कल्लू यादव उर्फ करण यादव और नंदू यादव के रूप में हुई है। दोनों सगे भाई बताए जा रहे हैं और लंबे समय से आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त थे।
पुलिस को गुप्त सूत्रों से जानकारी मिली थी कि दोनों भाई किसी बड़ी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की फिराक में हैं। सूचना मिलते ही पटना सिटी के सहायक पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छापेमारी की और मौके से ही दोनों को धर दबोचा।
कई संगीन मामलों में थे फरार
सहायक पुलिस अधीक्षक ने बताया कि कल्लू यादव पर 19 और नंदू यादव पर 15 आपराधिक मामले दर्ज हैं। दोनों पर हत्या, लूट, रंगदारी और आर्म्स एक्ट के तहत कई संगीन मुकदमे दर्ज हैं। ये दोनों लंबे समय से फरार चल रहे थे और पुलिस उनकी तलाश में जुटी थी।
पुलिस ने जारी किया कड़ा संदेश
अगमकुआं थाना पुलिस ने बताया कि यह गिरफ्तारी इलाके में बढ़ते अपराध पर लगाम लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान का हिस्सा है। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अपराधियों के खिलाफ लगातार धरपकड़ अभियान जारी रहेगा और किसी भी हाल में अपराध बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।




.png)