पटना सिटी । गोविंद सिंह अस्पताल में एक बार फिर लापरवाही सामने आई है, जहां प्रसव के दौरान चिकित्सक की अनुपस्थिति और अव्यवस्थाओं के चलते नवजात...
पटना सिटी । गोविंद सिंह अस्पताल में एक बार फिर लापरवाही सामने आई है, जहां प्रसव के दौरान चिकित्सक की अनुपस्थिति और अव्यवस्थाओं के चलते नवजात की मौत हो गई। मृतक शिशु की मां अंशु कुमारी, पति कन्हाई कुमार, मालसलामी निवासी, को 6 मई की सुबह लगभग 4 बजे लेबर रूम में भर्ती कराया गया था।
अस्पताल सुधार समिति के महासचिव सह पूर्व पार्षद बलराम चौधरी, मोहम्मद जावेद, देवरत्न प्रसाद, राम नारायण सिंह, रजनीश राय, शंभू शरण प्रसाद, मुन्ना जायसवाल, इबरार अहमद, रजा शरीफ अहमद, रंगरेज एजाजुद्दीन उर्फ सानू, शाहीन अनवर आदि ने इस घटना को बेहद दुखद बताते हुए कहा कि चिकित्सक की अनुपस्थिति और प्रसव के उपरांत अवैध पैसों की वसूली ने स्थिति को और बिगाड़ दिया, जिससे नवजात की जान चली गई।
महासचिव बलराम चौधरी ने पीड़ित परिवार से मिलकर संवेदना प्रकट की और कहा कि राजधानी पटना में यदि स्वास्थ्य व्यवस्था का यह हाल है तो पूरे बिहार की स्थिति की कल्पना की जा सकती है।
इस संबंध में अस्पताल अधीक्षक योगेंद्र प्रसाद मंडल को घटना की जानकारी दी गई है तथा जांच की मांग की गई है। जल्द ही अस्पताल सुधार समिति का प्रतिनिधिमंडल स्वास्थ्य मंत्री, प्रधान सचिव स्वास्थ्य विभाग, मानवाधिकार आयोग एवं जिलाधिकारी से मिलकर ज्ञापन सौंपेगा।



