पटना सिटी : पूर्व उपमुख्यमंत्री श्रद्धेय सुशील कुमार मोदी की स्मृति को समर्पित सुशील कुमार मोदी स्मृति शोध संस्थान ने उनकी 73वीं जयंती के अ...
पटना सिटी : पूर्व उपमुख्यमंत्री श्रद्धेय सुशील कुमार मोदी की स्मृति को समर्पित सुशील कुमार मोदी स्मृति शोध संस्थान ने उनकी 73वीं जयंती के अवसर पर आगामी 5 से 12 जनवरी 2025 तक सेवा सप्ताह आयोजित करने का निर्णय लिया है। संस्थान के अनुसार इस सेवा सप्ताह के तहत अंगदान-देहदान संकल्प, जागरूकता अभियान, प्रभात फेरी, संगोष्ठी और पौधारोपण सहित कई महत्वपूर्ण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
पाटलिपुत्र परिषद के महासचिव संजीव कुमार यादव और पटना सिटी रेड क्रॉस शाखा के चेयरमैन गोविंद कानोडिया ने सामाजिक और धार्मिक संगठनों के प्रमुखों को व्यक्तिगत रूप से आमंत्रित कर कार्यक्रमों की जानकारी दी। आज उन्होंने पटना साहिब बाल लीला गुरुद्वारा के मुख्य ग्रंथी बाबा सुखविंदर सिंह और बाबा गुरबिंदर सिंह को आमंत्रण पत्र भेंट किया। गुरुद्वारा प्रबंधन ने इस आयोजन में हर संभव सहयोग देने का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर संजीव कुमार यादव ने श्रद्धेय सुशील मोदी जी के सेवा कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि कोरोना महामारी के समय, जब बाल लीला गुरुद्वारा में 94 सिख श्रद्धालु फंसे थे, सुशील जी ने अपने प्रयासों से सरकारी आदेश जारी करवाया और तीन बसों के जरिए सभी को सुरक्षित पंजाब भेजा। इस घटना का जिक्र सुनकर वहां मौजूद सिख संगत भावुक हो गई।
कार्यक्रम में शिक्षाविद् विजय कुमार सिंह भी उपस्थित थे। यह सेवा सप्ताह सुशील जी के जीवन और कार्यों से प्रेरित होकर समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का एक प्रयास है।




.jpeg)