PATNA : पटना एयरपोर्ट पर शनिवार को उस समय हड़कंप मच गया जब बेंगलुरु से आई इंडिगो फ्लाइट के टॉयलेट में एक टिशू पेपर पर बम की धमकी लिखी पाई गई...
PATNA : पटना एयरपोर्ट पर शनिवार को उस समय हड़कंप मच गया जब बेंगलुरु से आई इंडिगो फ्लाइट के टॉयलेट में एक टिशू पेपर पर बम की धमकी लिखी पाई गई। टिशू पेपर पर लिखा था, “बम टू अवर हैप्पी दीवाली।” एयर होस्टेस की नजर इस संदेश पर पड़ी तो उन्होंने तुरंत फ्लाइट मैनेजर और एयर ट्रैफिक कंट्रोल (एटीसी) को सूचित किया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए, रनवे पर ही फ्लाइट को रोक दिया गया और सुरक्षाकर्मियों को बुलाया गया।
सुरक्षा अधिकारियों ने यात्रियों के हैंडबैग से लेकर बुक्ड लगेज तक की गहन जांच की। विस्फोटक सामग्री की संभावना से पूरी तरह आश्वस्त होने के बाद ही विमान को पार्किंग-बे में भेजा गया। इसके बाद विमान में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की जा रही है, ताकि टॉयलेट का उपयोग करने वाले यात्रियों की पहचान की जा सके और इस घटना की तह तक पहुंचा जा सके।
पटना एयरपोर्ट थाना प्रभारी विनोद पीटर ने बताया कि टिशू पेपर पर बम और हैप्पी दीवाली लिखे संदेश की जानकारी प्राप्त हुई थी। इसके बाद सुरक्षा बलों के साथ व्यापक छानबीन की गई। जांच में यह महज अफवाह साबित हुई और इसे किसी असामाजिक तत्व की हरकत माना जा रहा है। विमानन कंपनी इंडिगो ने इस घटना के संबंध में लिखित शिकायत दर्ज कराई है, हालांकि, फिलहाल प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई है।





