पटना सिटी: खाजेकला थानाक्षेत्र के दुल्ली घाट पर अज्ञात अपराधियों ने एक युवक को गोली मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक की ...
पटना सिटी: खाजेकला थानाक्षेत्र के दुल्ली घाट पर अज्ञात अपराधियों ने एक युवक को गोली मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक की पहचान खाजेकला के सीढ़ी घाट निवासी अंकित कुमार के रूप में की गई है। घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस को इसकी सूचना दी और घायल अंकित को एनएमसीएच में भर्ती कराया गया, जहां उसकी स्थिति गंभीर बनी हुई है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अंकित कुमार अपने घर से थोड़ी दूर पर खड़ा था, तभी पहले से घात लगाए अपराधियों ने उस पर हमला कर दिया और गोली मार दी। गोली लगते ही वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल फैल गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले की जांच शुरू कर दी है और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है।
अंकित के परिजनों ने घटना के पीछे के कारणों के बारे में कोई जानकारी नहीं दी है। वहीं, पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि घायल के बयान के आधार पर जल्द ही पूरे मामले का खुलासा कर लिया जाएगा।
पुलिस फिलहाल इस हमले के पीछे के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए जुटी हुई है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही दोषियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।




