पटना सिटी के बाईपास थाना क्षेत्र के महुली मोड़ के समीप जिला परिवहन पदाधिकारी द्वारा ओवरलोडिंग के चलते पिकअप वैन चालकों से जुर्माना वसूले जा...
पटना सिटी के बाईपास थाना क्षेत्र के महुली मोड़ के समीप जिला परिवहन पदाधिकारी द्वारा ओवरलोडिंग के चलते पिकअप वैन चालकों से जुर्माना वसूले जाने पर चालकों का आक्रोश भड़क उठा। पिकअप वैन के चालकों ने विरोध स्वरूप सड़क पर उतरकर जमकर हंगामा मचाया। टोल प्लाजा के समीप NH 30 पर चालकों ने घंटों जाम लगा दिया, जिससे यातायात व्यवस्था पूरी तरह बाधित हो गई और लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
पिकअप वैन चालकों के इस प्रदर्शन और सड़क जाम से स्थिति तनावपूर्ण हो गई। यातायात को सामान्य करने के लिए पुलिस की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन आक्रोशित चालकों ने पुलिस पर भी पथराव कर दिया, जिससे एनएच पर अफरा-तफरी मच गई। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए विभिन्न थानों की पुलिस ने मौके पर पहुंचकर हल्का बल प्रयोग किया और हंगामा कर रहे उपद्रवियों को तितर-बितर किया। इसके बाद पुलिस ने एनएच 30 पर यातायात को सामान्य कराया और जाम हटाया।
इस घटना के बाद पुलिस ने पांच लोगों को हिरासत में लिया है, जिनसे पूछताछ की जा रही है। बाईपास थाना अध्यक्ष राजेश कुमार झा ने बताया कि स्थिति अब नियंत्रण में है और मामले की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।




.png)