पटना सिटी: मालसलामी थाना क्षेत्र के मथनी तल पानी टंकी इलाके में एक दर्दनाक हादसा हुआ, जिसमें 65 वर्षीय बुजुर्ग की जेसीबी मशीन से कुचलकर मौ...
पटना सिटी: मालसलामी थाना क्षेत्र के मथनी तल पानी टंकी इलाके में एक दर्दनाक हादसा हुआ, जिसमें 65 वर्षीय बुजुर्ग की जेसीबी मशीन से कुचलकर मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान चौक थाना क्षेत्र के हुमाद गली निवासी सकलदीप राय के रूप में की गई है। जानकारी के अनुसार, सकलदीप राय किसी काम से बाजार जा रहे थे, तभी मथनी तल पानी टंकी के समीप सड़क पर गुजर रही एक जेसीबी मशीन ने उन्हें कुचल दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मृत्यु हो गई। इस घटना से स्थानीय लोग बेहद आक्रोशित हो गए और उन्होंने सड़क पर उतरकर जोरदार हंगामा किया। आक्रोशित भीड़ ने गुस्से में आकर जेसीबी मशीन में तोड़फोड़ कर दी। घटना के बाद जेसीबी मशीन का ड्राइवर मौके से फरार हो गया। हंगामे की सूचना मिलते ही मालसलामी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। पुलिस ने आक्रोशित लोगों को शांत कराया और मृतक के शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नालंदा मेडिकल कॉलेज भेज दिया। इस घटना के बाद से मृतक के परिवार में शोक का माहौल है, और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मालसलामी थाना अध्यक्ष राजकुमार सिंह ने बताया कि पुलिस ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है और फरार जेसीबी ड्राइवर की तलाश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही दोषी को गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।




.png)