PATNA सिटी की बहादुरपुर पुलिस ने कुम्हरार ओवर ब्रिज के पास छापेमारी कर लूट की योजना बना रहे लुटेरा गिरोह के 6 सक्रिय सदस्यो को गिरफ्तार किय...
PATNA सिटी की बहादुरपुर पुलिस ने कुम्हरार ओवर ब्रिज के पास छापेमारी कर लूट की योजना बना रहे लुटेरा गिरोह के 6 सक्रिय सदस्यो को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गिरफ्तार अपराधियों के पास से एक देशी कट्टा, छह जिंदा कारतूस, 6 मोबाइल के अलावे नशीली दवाएं और नशा का इंजेक्शन भी बरामद किया है। बताया जाता है कि बीते देर रात पुलिस गश्ती के दौरान कुम्हरार ओवर ब्रिज के पास पुलिस जिप्सी को देखते ही लूट की योजना बना रहे अपराधी भागने लगे। शक होने पर पुलिस ने खदेड़ कर सभी को पकड़ लिया और तलाशी के क्रम में इनके पास से हथियार और नशीली दवाएं बरामद किया गया। गिरफ्तार अपराधियों की पहचान मोहम्मद शहजाद, रिशु कुमार, विकास कुमार, गोलू कुमार, सोनू कुमार और प्रशांत कुमार के रूप में की गई है। बहादुरपुर थाने में आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए पटना सिटी एडिशनल एसपी अमित रंजन ने बताया कि गिरफ्तार लुटेरे नशे के आदी हैं और वे लोग पैसे को लेकर आए दिन लूटपाट की घटना को अंजाम देते थे। एडिशनल एसपी ने बताया कि गिरफ्तार मोहम्मद शहजाद हत्या और आर्म्स एक्ट मामले में पूर्व में जेल जा चुका है। एडिशनल एसपी की माने तो गिरफ्तार रिशु कुमार भी अपराधिक मामलों में जेल जा चुका है। एडिशनल एसपी ने गिरफ्तार अपराधियों के निशानदेही पर लुटेरा गिरोह के अन्य सदस्यों की पहचान कर उन्हें भी गिरफ्तार किए जाने का भरोसा दिलाया है। फिलहाल पुलिस गिरफ्तार किए गए लुटेरा गिरोह के सदस्यों का आपराधिक रिकॉर्ड खंगालने में जुटी है।




.png)