NEWS CITY, पटना: छठ महापर्व के अवसर पर गंगा घाटों पर श्रद्धालुओं को सुविधा और सुरक्षा देने के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा व्यापक तैयारिय...
NEWS CITY, पटना: छठ महापर्व के अवसर पर गंगा घाटों पर श्रद्धालुओं को सुविधा और सुरक्षा देने के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। इसी क्रम में जिलाधिकारी डॉ. चंद्रशेखर सिंह और डीआईजी सह एसएसपी राजीव मिश्रा ने पटना के कलेक्ट्रेट घाट से लेकर पटनासिटी के गायघाट तक विभिन्न गंगा घाटों का दौरा किया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी और डीआईजी ने घाटों पर जिला प्रशासन और नगर निगम की तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने घाटों की सफाई, लाइटिंग, रास्तों की व्यवस्था और सुरक्षा इंतजामों पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। घाटों की सफाई और सुरक्षा को लेकर अधिकारियों को कई आवश्यक निर्देश जारी किए गए।
जिलाधिकारी डॉ. चंद्रशेखर सिंह ने छठ पूजा के लिए चल रही तैयारियों पर संतोष जाहिर किया और विश्वास दिलाया कि अगले तीन दिनों में बचे हुए सभी कार्य पूरे कर लिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि छठ व्रतियों को पर्व के दौरान किसी भी असुविधा का सामना न करना पड़े, इसके लिए जिला प्रशासन पूरी तरह से तत्पर है। 
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि छठ पूजा के सफल आयोजन के लिए प्रशासन द्वारा लगातार मॉनिटरिंग की जाएगी। हर घाट पर पर्याप्त संख्या में सुरक्षाकर्मी और मेडिकल सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत मदद की जा सके।
इस मौके पर सिटी एसपी पटना पूर्वी के साथ-साथ जिला प्रशासन और नगर निगम के कई वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद थे। जिलाधिकारी ने प्रशासनिक टीम से घाटों पर व्यवस्थाओं को हर हाल में सुचारू बनाए रखने की अपील की, ताकि छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो।




.png)

