पटना सिटी के अगमकुआं थाना क्षेत्र में चेन स्नेचिंग की एक घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह ...
पटना सिटी के अगमकुआं थाना क्षेत्र में चेन स्नेचिंग की एक घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह घटना 20 अक्टूबर 2024 को हुई, जब विधवा महिला के गले से दो अज्ञात अपराधियों ने झपट्टा मारकर सोने की चेन छीन ली। पीड़िता की शिकायत के बाद, पुलिस ने मामले की गंभीरता को समझते हुए एक विशेष टीम का गठन किया।

टीम में थानाध्यक्ष संतोष कुमार सिंह सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे। तकनीकी अनुसंधान के दौरान तीन मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इनकी पहचान सूरज कुमार (20), अमन राज (22) और एक अन्य सूरज कुमार (21) के रूप में हुई है। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल (KTM DUKE, नंबर BR01HZ 3611) और लूटी गई चेन को गलाकर बनाई गई सोने जैसी अंगूठी, चांदी की पायल, और अन्य सामान भी बरामद किए हैं।
साथ ही, चोरी का आभूषण खरीदने वाले ज्वेलरी दुकानदार सौरभ कुमार (24) को भी गिरफ्तार किया गया। बरामद किए गए सामान में एक कीपैड और एक एंड्रॉयड स्मार्टफोन, सोना-चांदी गलाने के लिए इस्तेमाल होने वाले उपकरण और अन्य आभूषण शामिल हैं।
सिटी एएसपी अतुलेश झा ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है, और उनका आपराधिक रिकार्ड खंगाला जा रहा है। पुलिस का कहना है कि यह गिरोह अगमकुआं और आसपास के क्षेत्रों में कई चेन स्नेचिंग की घटनाओं में शामिल था।
टीम के सदस्यों में पु०नि० सह थानाध्यक्ष संतोष कुमार सिंह, उपनिरीक्षक मुकेश कुमार, और सिपाही राजीव कुमार तथा अजित कुमार शामिल थे। पुलिस अब इस गिरोह के अन्य संभावित सदस्यों की पहचान करने के लिए जांच में जुटी है।
WhatsApp Group
Join Now







