NEWS CITY , पटना सिटी । लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा के मद्देनजर पटना सिटी के गंगा घाटों पर हो रही तैयारियों का जायजा लेने बिहार विधानसभा के...
NEWS CITY, पटना सिटी । लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा के मद्देनजर पटना सिटी के गंगा घाटों पर हो रही तैयारियों का जायजा लेने बिहार विधानसभा के अध्यक्ष सह स्थानीय विधायक नंदकिशोर यादव, नगर विकास मंत्री नितिन नवीन, महापौर सीता साहू, उप महापौर रेशमी चंद्रवंशी, और नगर आयुक्त अनिमेष पराशर पहुंचे।
निरीक्षण के दौरान छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं के लिए आवश्यक व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान दिया गया, जिसमें साफ-सफाई, लाइटिंग और अन्य जरूरी सुविधाएं शामिल हैं। इस अवसर पर कई कार्यकर्ता और छठ पूजा समिति के पदाधिकारी भी उपस्थित रहे।
निरीक्षण के दौरान कंगन घाट छठ पूजा समिति के अध्यक्ष प्रदीप काश ने निगम आयुक्त अनिमेष पराशर से घाटों पर पेय जल, शौचालय, यूरिनल और लाइटिंग की स्थायी व्यवस्था की मांग की। निगम आयुक्त ने उनकी मांगों पर ध्यान देते हुए जल्द ही इन्हें मूर्त रूप देने का आश्वासन दिया।
निरीक्षण यात्रा का आरंभ कंगन घाट से हुआ और इसके बाद झाऊगंज घाट, हीरानंद शाह घाट, मिर्चाई घाट, केशवराय घाट, महाराज घाट, टेढ़ी घाट, ख़ाजेकला घाट, सीता घाट, चित्रगुप्त घाट, नौजर घाट, दुल्ली घाट, महावीर घाट और भद्र घाट तक का दौरा किया गया। अधिकारियों ने इन घाटों पर सभी आवश्यक तैयारियों का अवलोकन कर अधिकारियों को साफ-सफाई, बेहतर प्रकाश व्यवस्था और जल निकासी जैसी सुविधाओं को सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
निरीक्षण के दौरान भाजपा प्रवक्ता प्रभाकर मिश्रा, रूपनारायण मेहता, मेयर प्रतिनिधि शिशिर कुमार, पार्षद प्रतिनिधि मनोज यादव, पार्षद विनोद शर्मा, मुन्ना जायसवाल, पार्षद प्रतिनिधि लड्डू चंद्रवंशी, अमित कनोडिया, संजीव यादव, विनय केसरी, ललित अग्रवाल, राजू जायसवाल, सन्नी यादव, नवल किशोर सिन्हा, लल्लू शर्मा, सरोज जायसवाल, विनोद किसलय, अमित सिंह, मिथलेश शर्मा और अशोक भारती सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित थे।
इस महापर्व के अवसर पर स्थानीय प्रशासन का जोर पूरी सुरक्षा और सुविधाओं को उपलब्ध कराने पर है ताकि श्रद्धालु और व्रतधारी बिना किसी कठिनाई के अपने धार्मिक अनुष्ठान कर सकें। विधायक नंदकिशोर यादव और मंत्री नितिन नवीन ने अधिकारियों को यह निर्देश दिया कि व्रतियों और श्रद्धालुओं के लिए कोई भी कमी न रह जाए, जिससे उन्हें पूजा में किसी प्रकार की कठिनाई का सामना न करना पड़े।








