PATNA के नदी थाना क्षेत्र के जेठूली गांव में पार्किंग के विवाद को लेकर दो गुटों में हुए मारपीट और गोलीबारी की घटना में 2 लोगों की हुई मौत स...
PATNA के नदी थाना क्षेत्र के जेठूली गांव में पार्किंग के विवाद को लेकर दो गुटों में हुए मारपीट और गोलीबारी की घटना में 2 लोगों की हुई मौत से गुस्साए ग्रामीणों का आक्रोश दूसरे दिन भी जारी है। घटना से गुस्साए आक्रोशित ग्रामीणों ने आरोपी उमेश राय के गैस गोदाम में जमकर तोड़फोड़ की। वही गैस गोदाम में रखे सिलेंडर को गंगा नदी में फेंक दिया। इस दौरान आक्रोशितो ने गैस गोदाम के पास खड़ी गाड़ियों को भी आग के हवाले कर दिया। आक्रोशितो ने उमेश राय और उनके समर्थकों के घर में भी आग लगा दी, वही उनके वाहनों को भी फूक दिया। उपद्रवियों ने इस दौरान चुन-चुन कर उमेश राय और उसके समर्थकों के घरों को निशाना बनाया। उपद्रवियों ने उमेश राय और उनके समर्थकों के घरों में घुसकर लूटपाट भी की। उपद्रवियों द्वारा किए गए पथराव में नदी थाना के एक एएसआई रामेश्वर धाम भी घायल हो गए। उपद्रवियों ने इस दौरान कवरेज करने गए मीडिया कर्मियों को भी दौड़ा-दौड़ा कर पीटा।
भारी हंगामे को देखते हुए पुलिस बल भी मौके पर पहुंचने से कतराती रही। बाद में भारी संख्या में पुलिस बल के पहुंचने के बाद पुलिस बल हंगामा कर रहे उपद्रवियों को खदेड़ने की कवायद में जुटी है। उपद्रवियों द्वारा किए गए आगजनी में करोड़ों रुपए का नुकसान हुआ है। मौके पर मौजूद सिटी एसडीओ ने आपात स्थिति से निपटने को लेकर जिला से और पुलिस बल की मांग की है। घटना को लेकर इलाके में भारी तनाव का माहौल कायम है। पुलिस ने इस मामले में उमेश राय के भाई बच्चा राय समेत 7 लोगों को गिरफ्तार किया है। गौरतलब है कि व्यामशाला की जमीन को लेकर उमेश राय और चंद्रिका राय उर्फ चनारिक राय का लंबे समय से विवाद चल रहा था। विवाद के क्रम में ही बीते रविवार को गाड़ी पार्किंग को लेकर दोनों पक्ष के लोग आपस में भिड़ गए थे, और देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट और गोलीबारी शुरू हो गई थी, जिसमें गोली लगने से चंद्रिका राय उर्फ चनारिक राय के संबंधी गौतम कुमार और रौशन कुमार की मौत हो गई थी। तीन अन्य घायलों चंद्रिका राय, मुनारिक राय और नागेंद्र राय का पीएमसीएच में इलाज चल रहा है।




.jpg)