PATNA : वैशाली जिले के नगर थानाक्षेत्र के पोखरा मोहल्ले में आज एक विवाहिता दहेज के बलि चढ़ गई। दहेज को लेकर ससुराल वालों ने विवाहिता को जिं...
PATNA : वैशाली जिले के नगर थानाक्षेत्र के पोखरा मोहल्ले में आज एक विवाहिता दहेज के बलि चढ़ गई। दहेज को लेकर ससुराल वालों ने विवाहिता को जिंदा जला दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। आनन-फानन में गंभीर रूप से झुलसी विवाहिता को इलाज के लिए राजधानी पटना के अगमकुआँ स्थित अपोलो बर्न अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतका की पहचान वैशाली जिले के जौहरी बाजार निवासी बच्चा सिंह की पुत्री प्रीति कुमारी के रूप में की गई है। बताया जाता है की वर्ष 2015 में प्रीति कुमारी की शादी वैशाली जिले के नगर थाना क्षेत्र के पोखरा मोहल्ला निवासी संजीव कुमार उर्फ फनफन सिंह के साथ उचित दान दहेज देकर शादी संपन्न हुई थी, लेकिन शादी के बाद से ही और दहेज की मांग को लेकर ससुराल वालों द्वारा उसे मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया गया, और अंत में ससुराल वालों ने किरासन तेल छिड़ककर उसे जिंदा जला दिया। मृतका को एक 3 साल की बेटी भी है। घटना के संबंध में पूछे जाने पर मृतका के बड़े भाई बबलू सिंह ने पति समेत ससुराल वालों पर दहेज को लेकर प्रीति को जिंदा जलाए जाने का आरोप लगाते हुए पुलिस प्रशासन से आरोपियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई किए जाने की मांग की है। वही पूरे मामले पर पूछे जाने पर मौके पर मौजूद अगमकुआं थाने के पुलिस अधिकारी दिनेश राय ने घटना से अनभिज्ञता जताते हुए पीड़ित परिवार का बयान दर्ज कर उसे वैशाली जिले के नगर थाना भेजे जाने की बात दोहराई है। पुलिस अधिकारी ने पीड़ित परिजनों द्वारा ससुराल वालों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज किए जाने की भी बात कही है। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर उसे पोस्टमार्टम के लिए नालंदा मेडिकल कॉलेज भेज दिया है। घटना के बाद से आरोपी ससुराल वाले फरार बताए जाते हैं, वही पुलिस पूरे मामले की छानबीन में जुटी है।।




