पटना सिटी (न्यूज़ सिटी ) । राजधानी पटना के फतुहा थाना क्षेत्र के शुकुलपुर स्थित फोरलेन पर बेलगाम ट्रक से कुचलकर बाइक सवार एक मां बेटे की घटना...
पटना सिटी (न्यूज़ सिटी )। राजधानी पटना के फतुहा थाना क्षेत्र के शुकुलपुर स्थित फोरलेन पर बेलगाम ट्रक से कुचलकर बाइक सवार एक मां बेटे की घटनास्थल पर ही मौत हो गयी। स्थानीय लोगों द्वारा घटना की जानकारी पुलिस को दिए जाने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों शवों को अपने कब्जे में लेकर उसे पोस्टमार्टम के लिए नालंदा मेडिकल कॉलेज भेज दिया है।
मृतक की पहचान शेखपुरा जिले के बरबीघा निवासी पंचानंद प्रसाद और उनकी बुजुर्ग मां ललिता देवी के रूप में की गई है। बताया जाता है कि पंचानंद प्रसाद पटना के राम कृष्णा नगर इलाके में किराएदार के रूप में रहकर किराना की दुकान चलाते थे, हाल ही में उन्होंने अपना नया घर बनाया था, जिसका कल गृह प्रवेश होना था। गृह प्रवेश के पूजन कार्यक्रम को लेकर वे अपनी बुजुर्ग मां ललिता देवी को बाइक पर बैठाकर अपने गांव बरबीघा से राम कृष्णा नगर आ रहे थे,

इसी दौरान फतुहा थाना क्षेत्र के शुकुलपुर स्थित फोरलेन पर पीछे से आती एक बेलगाम ट्रक ने उन्हें रौंद डाला, जिससे मां बेटे की घटनास्थल पर ही मौत हो गयी। घटना के बाद ट्रक चालक मौके से फरार होने में सफल हो गया। एक साथ मां बेटे की हुई दर्दनाक मौत से मृतक के परिवार में कोहराम मचा है।



