पटना सिटी । अगमकुआं स्थित नालंदा मेडिकल कॉलेज अस्पताल (एनएमसीएच) में शनिवार को रजिस्ट्रेशन काउंटर पर दिनभर अफरा-तफरी का माहौल रहा। अस्पताल ...
पटना सिटी । अगमकुआं स्थित नालंदा मेडिकल कॉलेज अस्पताल (एनएमसीएच) में शनिवार को रजिस्ट्रेशन काउंटर पर दिनभर अफरा-तफरी का माहौल रहा। अस्पताल की ओपीडी में इलाज कराने के लिए 3,000 से अधिक मरीजों के पहुंचने से काउंटर पर भारी भीड़ उमड़ पड़ी।
काउंटर की संख्या केवल पांच होने के कारण मरीजों और उनके परिजनों को घंटों लाइन में खड़ा रहना पड़ा। भीड़ के कारण स्थिति कई बार बेकाबू हो गई और रुक-रुक कर हंगामे की नौबत आई। मौके पर तैनात सुरक्षा कर्मी लोगों को शांत कराने में जुटे रहे, लेकिन स्थिति को संभालने में उन्हें काफी मशक्कत करनी पड़ी।
भीड़ के दबाव के चलते कई मरीज बिना इलाज कराए ही लौटने को मजबूर हो गए। मरीजों और उनके परिजनों ने रजिस्ट्रेशन काउंटरों की संख्या बढ़ाने की मांग करते हुए अस्पताल प्रशासन से जल्द कदम उठाने की अपील की।
लोगों का कहना है कि इतनी बड़ी संख्या में मरीजों के लिए पांच काउंटर पर्याप्त नहीं हैं, जिससे इलाज में अनावश्यक देरी और परेशानी होती है। इस मुद्दे पर अब तक अस्पताल प्रशासन की ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं दी गई है।





