पटना सिटी। आलमगंज थानाक्षेत्र स्थित जल्ला रोड पर 23 जून को हुए प्रॉपर्टी डीलर अरुण कुमार हत्याकांड में प्रॉपर्टी डीलर और मृतक अरुण कुमार के...
पटना सिटी। आलमगंज थानाक्षेत्र स्थित जल्ला रोड पर 23 जून को हुए प्रॉपर्टी डीलर अरुण कुमार हत्याकांड में प्रॉपर्टी डीलर और मृतक अरुण कुमार के पार्टनर दिव्य सुंदर उर्फ दिव्यम की गिरफ्तारी पर उनके परिजनों ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं। परिजनों का कहना है कि दिव्य सुंदर को साजिश के तहत जेल भेजा गया है और यह गिरफ्तारी राजनीतिक दबाव में की गई है। उन्होंने इस मामले की सीबीआई जांच कराने की मांग की है।
दिव्य सुंदर के परिजनों ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि घटना के समय दिव्य सुंदर चार धाम यात्रा पर थे, फिर भी पुलिस ने बिना सही जांच किए ही शूटर के बयान पर उन्हें गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। उन्होंने कहा कि पुलिस ने इस मामले में सिर्फ शूटर अंकित कुमार के बयान पर कार्रवाई की, जिसमें अंकित ने दिव्य सुंदर पर पांच लाख रुपये की सुपारी देने का आरोप लगाया था।
इस दौरान दिव्य सुंदर की पत्नी जूही तिवारी ने भी मीडिया से बातचीत की। उन्होंने कहा कि यह गिरफ्तारी पूरी तरह से गलत है और पुलिस ने बिना किसी ठोस साक्ष्य के उनके पति को जेल भेजा है। जूही तिवारी ने पुलिस के आला अधिकारियों से निष्पक्ष जांच की मांग की और कहा कि उनके पति निर्दोष हैं।
गौरतलब है कि आलमगंज पुलिस ने इस मामले में गिरफ्तार शूटर अंकित कुमार के बयान के आधार पर दिव्य सुंदर को गिरफ्तार किया था। इस गिरफ्तारी के बाद से दिव्य सुंदर के परिवार में निराशा और गुस्सा है, और उन्होंने इस मामले की न्यायिक जांच की मांग की है।





