पटना सिटी के नालंदा मेडिकल कॉलेज अस्पताल (एनएमसीएच) के सर्जिकल आईसीयू में एक युवक की मौत के बाद उसकी एक आंख निकाले जाने का मामला सामने आया ...
पटना सिटी के नालंदा मेडिकल कॉलेज अस्पताल (एनएमसीएच) के सर्जिकल आईसीयू में एक युवक की मौत के बाद उसकी एक आंख निकाले जाने का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान नालंदा जिले के सखसोहरा निवासी फंटूश कुमार यादव (24) के रूप में हुई। फंटूश को 14 नवंबर को गांव के आपसी विवाद में गोली मारी गई थी, जिसके बाद गंभीर हालत में उसे एनएमसीएच में भर्ती कराया गया था। इलाज के दौरान देर रात उसकी मौत हो गई।
मृतक के परिजनों ने आरोप लगाया कि अस्पताल प्रबंधन और विरोधी गुट के लोगों ने मिलकर युवक की आंख निकाली। इस घटना से आक्रोशित परिजनों ने अस्पताल परिसर में जमकर हंगामा किया। परिजनों का कहना था कि अस्पताल प्रशासन ने आंख निकाले जाने के पीछे चूहों को जिम्मेदार ठहराया है।
मामले की जानकारी मिलने पर आलमगंज थानाध्यक्ष राजीव कुमार और सहायक पुलिस अधीक्षक अतुलेश झा ने मौके पर पहुंचकर परिजनों को शांत कराया। पुलिस ने जांच के लिए सर्जिकल आईसीयू के सीसीटीवी फुटेज खंगालने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
अस्पताल अधीक्षक डॉ. विनोद कुमार सिंह ने मामले की जांच के लिए चार सदस्यीय टीम गठित की है और दोषियों पर कार्रवाई का आश्वासन दिया है। परिजनों और स्थानीय लोगों में घटना को लेकर भारी आक्रोश है। पुलिस ने जल्द मामले का खुलासा करने का भरोसा दिया है।




.jpeg)


