पटना के गांधी मैदान में रविवार को सुपरस्टार अल्लू अर्जुन और रश्मिका मंदाना की फिल्म ‘पुष्पा 2’ का ट्रेलर लॉन्च करने से पहले ही बड़ा हंगामा...
पटना के गांधी मैदान में रविवार को सुपरस्टार अल्लू अर्जुन और रश्मिका मंदाना की फिल्म ‘पुष्पा 2’ का ट्रेलर लॉन्च करने से पहले ही बड़ा हंगामा हो गया। अपने फेवरेट स्टार्स की एक झलक पाने के लिए हजारों की भीड़ बेकाबू हो गई, जिसे नियंत्रित करने के लिए पुलिस को हल्का लाठीचार्ज करना पड़ा।
इस लाठीचार्ज के बाद फैंस भड़क उठे और पुलिसकर्मियों पर सामान फेंकने लगे। हंगामे के दौरान सिटी एसपी सेंट्रल स्विटी सेहरावत पर भी आक्रोशित भीड़ ने चप्पल फेंकने की कोशिश की।
अल्लू अर्जुन और रश्मिका मंदाना की मौजूदगी को लेकर लोगों में जबरदस्त उत्साह था। महिलाओं और युवतियों की बड़ी संख्या भी गांधी मैदान में मौजूद रही। सुपरस्टार अल्लू अर्जुन ने पटना एयरपोर्ट पर अपने प्रशंसकों का हाथ उठाकर अभिवादन किया और अपने प्रसिद्ध पुष्पा स्टाइल से भीड़ को खुश किया।
हालांकि, गांधी मैदान में फ्री एंट्री होने के कारण व्यवस्था बनाए रखना चुनौतीपूर्ण हो गया। पुलिस और प्रशासन द्वारा पहले से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे, लेकिन फैंस की भारी भीड़ और उत्साह के आगे हालात बिगड़ गए।
फिल्म ‘पुष्पा 2’ के ट्रेलर लॉन्च को लेकर फैंस के बीच गजब का जोश है, लेकिन इस हंगामे ने आयोजन में खलल डाल दिया। फिलहाल, स्थिति नियंत्रण में है और कार्यक्रम के सुचारू रूप से संपन्न होने की उम्मीद है।




