पटना सिटी के मालसलामी थाना क्षेत्र के सिमली इलाके में एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। हत्या का आरोप उसके ही दोस्त पर है, जो घटना के ब...
पटना सिटी के मालसलामी थाना क्षेत्र के सिमली इलाके में एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। हत्या का आरोप उसके ही दोस्त पर है, जो घटना के बाद फरार हो गया। यह वारदात इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। स्थानीय लोगों ने घायल युवक को एनएमसीएच अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान मधुबनी जिले के बेनीपट्टी निवासी 19 वर्षीय कृष्ण कुमार के रूप में हुई है, जो अपने परिवार के साथ किराए पर सिमली इलाके में रहता था। बताया जा रहा है कि कृष्ण अपने दो दोस्तों के साथ दशहरा की खरीदारी करने गया था, जहां किसी बात पर विवाद हुआ और उसके दोस्त ने उसे गोली मार दी।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए नालंदा मेडिकल कॉलेज भेजा और एक नाबालिग दोस्त को गिरफ्तार कर उससे पूछताछ शुरू की है। हत्या के पीछे प्रेम प्रसंग होने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि पुलिस इसकी पुष्टि के लिए जांच कर रही है। मालसलामी थानाध्यक्ष राजकुमार सिंह और सिटी डीएसपी डॉ. गौरव कुमार ने जल्द ही फरार आरोपी को गिरफ्तार करने का आश्वासन दिया है। एफएसएल की टीम ने भी मौके पर पहुंचकर जांच की है, और पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।




.png)
