PATNA :बिहार सरकार ने दिवाली के दौरान पटाखों पर आंशिक पाबंदी लगाने का फैसला किया है ताकि प्रदूषण के स्तर को नियंत्रित किया जा सके। यह पाबं...
PATNA :बिहार सरकार ने दिवाली के दौरान पटाखों पर आंशिक पाबंदी लगाने का फैसला किया है ताकि प्रदूषण के स्तर को नियंत्रित किया जा सके। यह पाबंदी मुख्य रूप से पटना, गया, मुजफ्फरपुर, और हाजीपुर में लागू होगी, जहां पिछले साल वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) बहुत खराब रहा था। इन चार जिलों में दिवाली के दिन पटाखों का इस्तेमाल पूरी तरह से प्रतिबंधित रहेगा। अन्य जिलों में इको-फ्रेंडली या हरित पटाखों के उपयोग की अनुमति दी गई है, लेकिन केवल रात 8:00 से 10:00 बजे तक, यानी दो घंटे के लिए ही पटाखे फोड़ने की छूट दी गई है। आदेश का उल्लंघन करने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस संबंध में पटना के डीएम चंद्रशेखर सिंह और एसएसपी राजीव मिश्रा ने प्रशासनिक अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं कि अवैध पटाखों की बिक्री को रोका जाए और बाजारों पर कड़ी नजर रखी जाए। बिहार सरकार ने सर्वोच्च न्यायालय और राष्ट्रीय हरित अधिकरण (NGT) के आदेशों का पालन सुनिश्चित करने के लिए सभी जिलाधिकारियों और पुलिस अधीक्षकों को भी निर्देश दिए हैं। साथ ही, प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे पर्यावरण के प्रति जागरूक रहें और दिवाली को प्रदूषण मुक्त बनाने में सहयोग करें। इस पाबंदी का मुख्य उद्देश्य दिवाली के बाद होने वाले वायु प्रदूषण को कम करना है, जो हर साल पटाखों के धुएं के कारण बढ़ जाता है और स्वास्थ्य पर बुरा असर डालता है।




