पटना सिटी। आगामी छठ पूजा की तैयारियों के मद्देनजर पटना सिटी अनुमण्डल कार्यालय में अनुमण्डल पदाधिकारी (एसडीओ) सत्यम सहाय और एएसपी अतुलेश झा...
पटना सिटी। आगामी छठ पूजा की तैयारियों के मद्देनजर पटना सिटी अनुमण्डल कार्यालय में अनुमण्डल पदाधिकारी (एसडीओ) सत्यम सहाय और एएसपी अतुलेश झा ने सभी छठ पूजा समितियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की। बैठक में घाटों की सफाई और सुविधाओं की व्यवस्था पर चर्चा की गई। समिति के सदस्यों ने गंगा का जलस्तर घटने के कारण घाटों पर मिट्टी और कीचड़ जमने की समस्या पर ध्यान आकर्षित किया।
बैठक में यह निर्णय लिया गया कि लख कालेज घाट, बालू घाट, घघा घाट, पत्थरी घाट, गायघाट, भद्र घाट और कंगन घाट के सीढ़ियों पर जमी हुई मिट्टी को तुरंत हटाया जाएगा। इसके साथ ही, संपर्क पथों पर बने गड्ढों को मिट्टी से भरकर समतल किया जाएगा ताकि श्रद्धालुओं को आने-जाने में परेशानी न हो। गंगा पथ में लगे खंभों और बंद हाई मास्क लाइटों को चालू करने का आदेश दिया गया, साथ ही घाटों पर चेजिंग रूम, पेयजल और अस्थाई शौचालय की व्यवस्था करने की मांग की गई। बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि छोटे-बड़े वाहनों की पार्किंग घाट के पास न होकर, पास के स्कूल, कॉलेज या मैदान में की जाएगी।
स्थाई शौचालयों की मरम्मत की भी बात की गई, जिसमें उखड़े हुए गेट, टूटी हुई नल और साईफन, और पानी की टंकी की मरम्मत की जाएगी। बैठक में पूजा समिति के गणेश कुमार, संतोष कुमार, अभिषेक सिंह, रिशव शर्मा, नवीन कुमार, प्रदीप काश, मनीष कुमार और रवि शंकर समेत अन्य सदस्य उपस्थित थे।




