PATNA CITY : बीते देर रात उत्पाद एवं मध निषेध विभाग की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर बिहार के अगमकुआं और बहादुरपुर थानाक्षेत्रों में नकली...
PATNA CITY : बीते देर रात उत्पाद एवं मध निषेध विभाग की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर बिहार के अगमकुआं और बहादुरपुर थानाक्षेत्रों में नकली शराब के अवैध कारोबार का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने अगमकुआं के कांटी फैक्ट्री रोड और बहादुरपुर के वार्ड संख्या 47 स्थित एक लॉज में छापेमारी की। इस कार्रवाई के दौरान 125 लीटर विदेशी शराब, विभिन्न ब्रांड के रैपर, सैकड़ों खाली बोतलें, स्पिरिट और होम्योपैथिक दवाओं की खाली शीशियां बरामद की गईं। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनसे पूछताछ के आधार पर अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए सघन छापेमारी अभियान जारी है। पहली कार्रवाई अगमकुआं थानाक्षेत्र के कांटी फैक्ट्री रोड पर हुई, जहां से 62 लीटर शराब के साथ दो तस्करों को पकड़ा गया। इसके बाद उनकी निशानदेही पर बहादुरपुर स्थित एक लॉज में छापा मारा गया, जहां नकली शराब बनाने के बड़े नेटवर्क का खुलासा हुआ। पुलिस ने नकली शराब तैयार करने में इस्तेमाल होने वाले उपकरण और सामग्रियों को भी जब्त किया है। सहायक आयुक्त प्रेम प्रकाश ने कहा कि नकली शराब के इस कारोबार को चलाने वाले गिरोह का पर्दाफाश कर दिया गया है और अन्य दोषियों की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं। विभाग की ओर से इस अवैध धंधे के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।



