PATNA CITY : लोक आस्था का महापर्व छठ पूजा की तैयारी को लेकर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज वरीय अधिकारियों के साथ स्टीमर पर सवार होकर विभिन्न...
PATNA CITY : लोक आस्था का महापर्व छठ पूजा की तैयारी को लेकर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज वरीय अधिकारियों के साथ स्टीमर पर सवार होकर विभिन्न गंगा घाटों का निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री ने दानापुर के दीघा घाट से लेकर पटना सिटी के कंगन घाट तक विभिन्न गंगा घाटों का निरीक्षण कर अधिकारियों को कई आवश्यक दिशा निर्देश जारी किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने घाटों की साफ-सफाई और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर वरीय अधिकारियों को कई निर्देश जारी किए। बाद में मुख्यमंत्री गायघाट जेटी उतरकर पटना के लिए रवाना हो गए। इस मौके पर मुख्य सचिव आमिर सुबहानी, डीजीपी आईएस भट्टी, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव एस सिद्धार्थ, स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, प्रमंडलीय आयुक्त कुमार रवि, जिलाधिकारी डॉक्टर चंद्रशेखर सिंह, एसएसपी राजीव मिश्रा, नगर निगम के आयुक्त अनिमेष पाराशर के अलावे विभिन्न विभागों के कई आलाधिकारी मौजूद थे। हालांकि दौरान मुख्यमंत्री ने मीडिया से बात करने से सीधे तौर पर इंकार कर दिया। गौरतलब है कि छठ पूजा की तैयारी को लेकर मुख्यमंत्री का यह पहला घाट निरीक्षण है। मुख्यमंत्री आगे भी छठ घाट की तैयारियों का जायजा लेंगे। लोक आस्था का चार दिवसीय छठ महापर्व 17 से 20 नवंबर को मनाया जाएगा। छठ पूजा में अब महज दो सप्ताह से भी कम समय बचा है, ऐसे में छठ पूजा को शांतिपूर्ण संपन्न कराना राज्य सरकार और जिला प्रशासन के लिए एक बहुत बड़ी चुनौती है।।




