पटना सिटी। केंद्र द्वारा पारित कृषि कानून के तहत तीन बिल को रद्द करने की मांग को लेकर गुरुवार को पटना सिटी के गायघाट स्थित डॉक्टर अंबेडकर च...
पटना सिटी। केंद्र द्वारा पारित कृषि कानून के तहत तीन बिल को रद्द करने की मांग को लेकर गुरुवार को पटना सिटी के गायघाट स्थित डॉक्टर अंबेडकर चौराहे के पास ऑल इंडिया पीपुल्स फोरम के बैनर तले " किसानों के साथ हम पटना के लोग " कार्यक्रम का आयोजन किया। जिसमें कृषि कानून के तहत पारित तीनों बिलों के दुष्प्रभाव से लोगों को अवगत कराते हुए इसके खिलाफ आवाज उठाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम की मुख्य वक्ता वरिष्ठ वामपंथी महिला नेता सरोज चौबे ने कहा कि अपने सौ से ज्यादा साथ ही खो चुके हैं। दिल्ली की सीमा पर डटे किसान केवल खेती नहीं बल्कि देश की आजादी बचाने की लड़ाई लड़ रहे हैं। देश उनका ऋणी रहेगा। मेहनतकाश जनता की कमाई से सेठों की थैली भरने वाली सरकार को इस आंदोलन के आगे झुकना ही होगा। उन्होंने आगे कहा कि ऐसा दुष्प्रचार चलाया जा रहा है, मानो यह पंजाब-हरियाणा के किसानों की जीत हो। दरअसल यह आंदोलन पूरे देश की खाद्य सुरक्षा की गारंटी के लिए लाया जा रहा है। नई कंपनी राज के हाथों गुलामी के खिलाफ लड़ा जा रहा है। इसलिए यह हम सब का आंदोलन है, इसे मिलकर जितना है।
पर्यावरण और जल संरक्षण विशेषज्ञ व प्रसिद्ध सामाजिक कार्यकर्ता रणजीव ने कहा कि लोक कल्याणकारी राज्य व्यवस्था में आम लोगों की थाली से रोटी छीनी जा रही है और चहेते पूंजीपतियों की तिजोरी भरी जा रही है। यह कृषि कानून भूख और बदहाली पैदा करेंगे। इसलिए हम सबका दायित्व है की इनके खिलाफ चल रही लड़ाई में एकजुट होकर व्यापक समर्थन करें।
युवा कवि प्रशांत विप्लवी ने भी लोगों को साथ देने की अपील की। कार्यक्रम का संचालन करते हुए संयोजक गालिब ने कहा कि यह कार्यक्रम विभिन्न मोहल्लों व बाजारों में 26 जनवरी तक चलेगा। अखिल भारतीय किसान महासभा के प्रदेश सह सचिव उमेश सिंह, इंसाफ मंच के संयोजक नसीम अंसारी, आसमा खान, जन संस्कृति मंच के संयोजक राजेश कमल, अनय मेहता, राजेश कुशवाहा, ललन यादव, राम नारायण सिंह, चंद्र भूषण शर्मा, मो• सोनू ने भी संबोधित करते हुए किसानों का समर्थन करने की अपील की।







