पटना सिटी। विश्व कैंसर दिवस के अवसर पर रोटरी पटना सिटी सम्राट द्वारा सर्वोदय स्कूल, हाजीगंज में स्वच्छता और सर्वाइकल कैंसर जागरूकता कार्यक्र...
पटना सिटी। विश्व कैंसर दिवस के अवसर पर रोटरी पटना सिटी सम्राट द्वारा सर्वोदय स्कूल, हाजीगंज में स्वच्छता और सर्वाइकल कैंसर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं को स्वच्छता और स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना था।
इस अवसर पर रोटेरियन डॉ. शिल्पी गोलवारा ने कक्षा 7 से 10 तक की छात्राओं को सर्वाइकल कैंसर से बचाव और स्वच्छता के महत्व पर जानकारी दी। उन्होंने छात्राओं की जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए बताया कि नियमित स्वास्थ्य जांच और स्वच्छता अपनाकर इस बीमारी से बचा जा सकता है। उन्होंने मासिक धर्म स्वच्छता, संतुलित आहार और टीकाकरण के महत्व पर भी प्रकाश डाला।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में विद्यालय निदेशक के.के. सिंह और पंकज सिंह का विशेष सहयोग रहा। इस मौके पर रोटरी अध्यक्ष देवराज बल्लभ, सचिव देवेश नवादिया, ललित अरोड़ा, राम कुमार, बी.एन. कपूर, नितिन मुकेश, प्रमोद कुमार, रोटेरियन कविता अरोड़ा, रुचिता नवादिया और संगीता सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
विद्यालय प्रबंधन और रोटरी क्लब के सदस्यों ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए इसे उपयोगी बताया। अंत में उपस्थित गणमान्यों ने जागरूकता अभियानों को आगे भी जारी रखने की आवश्यकता पर बल दिया।






