PATNA : बिहार के उद्यमी भवन में स्टार्टअप मीट का आयोजन हुआ, जिसमें बिहार के विभिन्न जिलों से आए उद्यमियों ने अपने व्यवसाय को आगे बढ़ाने...
PATNA : बिहार के उद्यमी भवन में स्टार्टअप मीट का आयोजन हुआ, जिसमें बिहार के विभिन्न जिलों से आए उद्यमियों ने अपने व्यवसाय को आगे बढ़ाने के लिए विचार-विमर्श किया। यह कार्यक्रम विशेष रूप से उद्यमियों के लिए समर्पित था, जिसमें स्टार्टअप हॉस्टल, नवीनतम तकनीकों से सुसज्जित लैब्स और अन्य सुविधाएं उपलब्ध थीं।
कार्यक्रम का उद्घाटन श्री नीतीश कुमार (डायरेक्टर, खेतीबारी) ने किया, जिन्होंने उपस्थित उद्यमियों का स्वागत करते हुए बताया कि बिहार उद्यमी संघ हर महीने विभिन्न विषयों पर फाउंडर्स मीट का आयोजन करता है। इस माह का विषय "प्रभावी व्यवसायिक संवाद" था, जिसमें युवाओं, महिलाओं, किसानों और उद्यमियों को अपने प्रतिद्वंद्वियों से आगे बढ़ने के लिए रणनीतियों के बारे में जानकारी दी गई।
महासचिव श्री अभिषेक कुमार ने उपस्थित उद्यमियों को व्यवसाय के हर स्तर पर बेहतर संचार कौशल विकसित करने के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने डिजिटल संचार उपकरणों के प्रभावी उपयोग, आंतरिक और बाहरी संचार में संतुलन, और संवाद की पारदर्शिता पर चर्चा की। महासचिव ने कहा कि पारदर्शी और विश्वसनीय संवाद बनाए रखना व्यापारिक विश्वास को बढ़ाने में महत्वपूर्ण है।
उन्होंने संचार में कमी के गंभीर दुष्प्रभावों पर भी चर्चा की, जैसे गलतफहमियाँ, सहयोग की कमी, कर्मचारी मनोबल पर प्रभाव, प्रतिष्ठा का नुकसान, और समय एवं संसाधनों की बर्बादी। महासचिव ने बताया कि प्रभावी व्यवसायिक संचार न केवल आंतरिक संचालन को सुव्यवस्थित करता है, बल्कि ग्राहकों और साझेदारों के साथ लंबे समय तक सकारात्मक संबंध बनाने में भी सहायक होता है।
आज के स्टार्टअप मीट में शेखपुरा के उद्यमी श्री ओंकार कुमार (फाउंडर, चिकनवाला), श्री नीतीश कुमार (फाउंडर, खेतीबारी), श्री आँशु कुमार, गौरव कुमार, आदर्श कुमार, यशवंत कुमार राय, और आलोक आजाद सहित विभिन्न जिलों के उद्यमियों ने भाग लिया।





