पटना सिटी। आलमगंज थानाक्षेत्र के मीना बाजार राजपूताना गली में पारिवारिक विवाद के चलते एक युवक ने खुद को गोली मार ली। गंभीर हालत में उसे इला...
पटना सिटी। आलमगंज थानाक्षेत्र के मीना बाजार राजपूताना गली में पारिवारिक विवाद के चलते एक युवक ने खुद को गोली मार ली। गंभीर हालत में उसे इलाज के लिए एनएमसीएच ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान नालंदा जिले के राधा बीघा गांव निवासी अमन कुमार सिंह (26) के रूप में हुई है। वह परिवार के साथ किराए के मकान में रहकर फेरी में कंबल बेचने का काम करता था।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। सहायक पुलिस अधीक्षक (एएसपी) अतुलेश झा और एफएसएल टीम ने जांच की। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त देसी कट्टा भी बरामद कर लिया है।
मृतक की बहन मोनिका सिंह ने बताया कि अमन गलत संगति में पड़ गया था। वह पिछले तीन-चार दिनों से एक दोस्त का पिस्तौल अपने पास रखे हुए था। परिवार ने इसका विरोध किया और पुलिस में शिकायत की चेतावनी दी। गुस्से में आकर अमन ने खुद को गोली मार ली।
एएसपी अतुलेश झा ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि पुलिस जल्द ही पूरे मामले का खुलासा करेगी। फिलहाल पुलिस गहन जांच में जुटी है।




