पटना सिटी : अगमकुआं थाना क्षेत्र के भूतनाथ रोड स्थित सुनीलम अस्पताल के समीप बुधवार को ऑक्सीजन सिलेंडर अनलोड करते समय बड़ा हादसा हो गया। सिले...
पटना सिटी : अगमकुआं थाना क्षेत्र के भूतनाथ रोड स्थित सुनीलम अस्पताल के समीप बुधवार को ऑक्सीजन सिलेंडर अनलोड करते समय बड़ा हादसा हो गया। सिलेंडर के अचानक विस्फोट से फतुहा निवासी मजदूर उदय कुमार (45) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि नालंदा जिले के कराय परशुराय निवासी कौशिक कुमार (22) गंभीर रूप से घायल हो गया।
हादसे में कौशिक का एक पैर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है। उसे तुरंत निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी।
मौके पर पहुंचे सिटी एसडीओ सत्यम सहाय और अगमकुआं थानाध्यक्ष संतोष कुमार सिंह ने मामले की पुष्टि की। पुलिस ने उदय के छत-विछत शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नालंदा मेडिकल कॉलेज भेज दिया।
स्थानीय निवासी रंजीत कुमार ने बताया कि सिलेंडर विस्फोट की आवाज इतनी तेज थी कि चारों ओर हड़कंप मच गया। घटना के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। सिटी एसडीओ ने दोषियों पर कठोर कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
मृतक उदय कुमार अस्पताल को ऑक्सीजन सिलेंडर सप्लाई कर रहा था, इसी दौरान यह हादसा हुआ। पुलिस ने मामले की छानबीन तेज कर दी है।



.jpeg)
