पटना सिटी : फतुहा थानाक्षेत्र के भिखुआ फोरलेन पर एक बेलगाम ट्रक की टक्कर से स्कूटी सवार महिला सर्वीला देवी (45) की दर्दनाक मौत हो गई। मृतका ...
पटना सिटी : फतुहा थानाक्षेत्र के भिखुआ फोरलेन पर एक बेलगाम ट्रक की टक्कर से स्कूटी सवार महिला सर्वीला देवी (45) की दर्दनाक मौत हो गई। मृतका खास पिंड, मालसलामी, पटनासिटी की निवासी थीं और कंकड़बाग स्थित सवेरा हॉस्पिटल में हाउसकीपिंग का कार्य करती थीं।
सर्वीला देवी अपने सहकर्मी विवेक कुमार के साथ स्कूटी पर इलाज के सिलसिले में नालंदा के इस्लामपुर जा रही थीं। भिखुआ फोरलेन पर तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी, जिससे सर्वीला देवी सड़क पर गिर पड़ीं और ट्रक उन्हें कुचलते हुए फरार हो गया। हालांकि, उनके सहकर्मी विवेक कुमार बाल-बाल बच गए।
घटना की सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर महिला के शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए नालंदा मेडिकल कॉलेज भेजा। इस हादसे के बाद मृतका के परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
प्रत्यक्षदर्शी और मृतका के सहकर्मी विवेक कुमार ने बताया कि घटना अचानक हुई और ट्रक चालक मौके से भाग गया। स्थानीय निवासियों ने प्रशासन से फोरलेन पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है, ताकि इस प्रकार की घटनाओं को रोका जा सके।
इस दर्दनाक घटना ने पटना सिटी के निवासियों को झकझोर कर रख दिया है, और प्रशासन पर लापरवाही के सवाल खड़े हो रहे हैं।



.png)
