पटना सिटी। मेहंदीगंज थानाक्षेत्र में शनिवार को उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब मेहंदीगंज थाने के समीप स्थित एक पत्तल के कारखाने में भीषण आग लग ग...
पटना सिटी। मेहंदीगंज थानाक्षेत्र में शनिवार को उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब मेहंदीगंज थाने के समीप स्थित एक पत्तल के कारखाने में भीषण आग लग गई। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों ने पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचित किया। इसके बाद दमकल की टीम ने मौके पर पहुंचकर कई घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
घटनास्थल पर दमकल की चार बड़ी और चार छोटी गाड़ियां भेजी गईं। सिटी फायर स्टेशन के फायर ऑफिसर गयानंद प्रसाद ने बताया कि आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट हो सकता है। उन्होंने कहा कि आग इतनी भीषण थी कि आसपास के इलाकों में धुआं फैलने के कारण लोगों को घरों से बाहर आना पड़ा। दमकल कर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए स्थिति को नियंत्रण में लिया और बड़ी दुर्घटना होने से बचा लिया।
आग की इस घटना में लाखों की संपत्ति जलकर नष्ट हो गई। हालांकि, क्षति का पूरा आकलन बाद में किया जाएगा। पत्तल के कारखाने में अधिकतर कच्चा माल और तैयार सामान मौजूद था, जो पूरी तरह जलकर राख हो गया।
स्थानीय निवासियों ने बताया कि आग लगने के बाद इलाके में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई थी। कई लोग डर के कारण अपने घरों से बाहर निकल आए। दमकल की त्वरित कार्रवाई से आग पर नियंत्रण पाया जा सका, लेकिन आग लगने से हुए नुकसान ने कारखाना मालिक को बड़ा आर्थिक झटका दिया है।
पुलिस ने घटनास्थल को सील कर दिया है और जांच शुरू कर दी है। अधिकारी शॉर्ट सर्किट के कारणों की विस्तृत पड़ताल कर रहे हैं।




.png)
