पटना सिटी : पादरी की हवेली महागिरजाघर में अल्पसंख्यक ईसाई कल्याण संघ द्वारा भव्य क्रिसमस मिलन समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मुख्य अत...
पटना सिटी : पादरी की हवेली महागिरजाघर में अल्पसंख्यक ईसाई कल्याण संघ द्वारा भव्य क्रिसमस मिलन समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में बिहार सरकार के मंत्रिमंडल सचिवालय विभाग एवं धार्मिक न्यास बोर्ड के सदस्य श्री चंदन कुमार सिंह, पटना की मेयर श्रीमती सीता साहू, उपमहापौर श्रीमती रेशमी चंद्रवंशी, मितन घाट खानकाह मुनमिया के सज्जादानशीन जनाब सैय्यद शाह शमीमउद्दीन अहमद मुनमी, शिया वक्फ बोर्ड के पूर्व चेयरमैन जनाब इरशाद अली आजाद और छोटी पटन देवी के पुजारी बाबा विवेक द्विवेदी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का मुख्य संदेश मानवता और प्रेम को सभी धर्मों में फैलाना था। कैरल प्रतियोगिता में पटना के विभिन्न स्कूलों जैसे जीजस एंड मेरी एकेडमी, संत पॉल स्कूल, इन्फेंट जीजस स्कूल और डोमिनिक सेवियस ने भाग लिया, जिसमें डोमिनिक सेवियस विजेता बना।
मुख्य अतिथि श्री चंदन कुमार सिंह ने प्रभु यीशु के प्रेम और भाईचारे के संदेश को आत्मसात करने पर जोर दिया। संस्था के अध्यक्ष एम्ब्रोस पैट्रिक ने पुष्पगुच्छ और अंगवस्त्र देकर अतिथियों का स्वागत किया।
पल्ली पुरोहित फादर प्रवीण और फादर सुरेश ने सर्वधर्म सौहार्द और प्रेम को अपनाने का आह्वान किया। सज्जादानशीन जनाब शमीमउद्दीन और बाबा विवेक द्विवेदी ने सर्वधर्म एकता पर बल दिया।
कार्यक्रम के अंत में क्रिसमस केक काटा गया और सेंटा क्लॉज ने उपस्थित लोगों को शुभकामनाएं दीं। मंच संचालन रिचर्ड रंजन ने किया, जबकि कार्यक्रम की सफलता में आलोक कुमार, राजेश कुमार और अन्य सदस्यों का विशेष योगदान रहा।







.jpeg)