पटना सिटी : अरोड़ा इन्टरनेशनल स्कूल, हाजीगंज, पटना सिटी में 'कुटुम्बकम्' नामक व्यंजन मेला आयोजित किया गया। इस मेले का उद्घाटन पटना क...
पटना सिटी : अरोड़ा इन्टरनेशनल स्कूल, हाजीगंज, पटना सिटी में 'कुटुम्बकम्' नामक व्यंजन मेला आयोजित किया गया। इस मेले का उद्घाटन पटना की महापौर श्रीमती सीता साह और उपमहापौर श्रीमती रेशमी चन्द्रवशी ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया। महापौर श्रीमती सीता साहू ने इस अवसर पर कहा कि आजकल बच्चों में किताबी ज्ञान के साथ-साथ व्यावहारिक ज्ञान का होना अत्यंत महत्वपूर्ण है। अरोड़ा इन्टरनेशनल स्कूल के छात्र-छात्राएँ बेहद मेधावी हैं और इस मेले के माध्यम से उन्होंने अपनी अपार प्रतिभा का प्रदर्शन किया है।
इस कार्यक्रम में पटना सिटी के अनुमण्डलाधिकारी श्री सत्यम सहाय, पुलिस उपाधीक्षक श्री गौरव कुमार, वार्ड 66 की पार्षद श्रीमती कांति देवी, चौक थाना के थानाध्यक्ष श्री शशि कुमार राणा और जदयू प्रवक्ता श्री अनंत अरोड़ा जैसे प्रमुख अतिथि भी उपस्थित थे। विद्यालय की निदेशिका श्रीमती पूजा अरोड़ा ने मानवता के खतरे को लेकर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि आजकल मानवीय मूल्यों की कमी हो रही है। समाज में दया, ममता और करुणा जैसे गुणों को पुनः जागृत करने की आवश्यकता है, ताकि हम आध्यात्मिक रूप से प्रगति कर सकें।
विद्यालय के प्राचार्य डॉ. अमरेन्द्र कुमार ठाकुर ने कार्यक्रम में बच्चों के परिश्रम की सराहना करते हुए उन्हें सफलता के लिए कठिन मेहनत और दृढ़ इच्छाशक्ति की महत्वता समझाई। उन्होंने बच्चों से जीवन में एक लक्ष्य निर्धारित कर उसे प्राप्त करने तक निरंतर मेहनत करने की अपील की।
इस मौके पर बच्चों ने शानदार नृत्य और संगीत प्रस्तुत किया, जिससे लगभग 3000 दर्शकों ने खूब आनंद लिया। विभिन्न प्रकार के 50 से अधिक स्टॉल जैसे सिप स्टेशन, पाव भाजी पोडियम, पानी-पुरी पैराडाईस और बैलून शूटिंग ने मेले को और भी आकर्षक बना दिया। कार्यक्रम की सफलता में विद्यालय के सभी शिक्षक और शिक्षिकाओं का महत्वपूर्ण योगदान रहा।







