पटना सिटी : लोक आस्था और स्वच्छता का प्रतीक चार दिवसीय महापर्व छठ पूजा नहाय-खाय के साथ प्रारंभ हुआ। इस अवसर पर पाटलिपुत्र परिषद की ओर से मं...
पटना सिटी : लोक आस्था और स्वच्छता का प्रतीक चार दिवसीय महापर्व छठ पूजा नहाय-खाय के साथ प्रारंभ हुआ। इस अवसर पर पाटलिपुत्र परिषद की ओर से मंगल तालाब स्थित गांधी सरोवर परिसर में छठ व्रतियों के बीच विशेष पूजन सामग्री का वितरण किया गया। प्रत्येक सूप में नारियल, नींबू, गुड़, अदरक, अलता, सेब, हुमाद-धूपबत्ती सहित अन्य आवश्यक सामग्री रखी गई।
वितरण समारोह का उद्घाटन पटना की मेयर श्रीमती सीता साहू और डीएसपी डॉ. गौरव कुमार ने किया। इस अवसर पर मेयर सीता साहू ने पाटलिपुत्र परिषद की सराहना करते हुए कहा कि परिषद और पटना नगर निगम के सहयोग से गांधी सरोवर और मंगल तालाब घाट को स्वच्छ, सुंदर और सुव्यवस्थित बनाया गया है। उन्होंने छठ व्रतियों से अपील की कि अर्घ्य गांधी सरोवर घाट पर ही अर्पित करें, जिससे सुरक्षा बनी रहे।
परिषद के महासचिव संजीव कुमार यादव ने जानकारी दी कि इस आयोजन में एमकेएस फाउंडेशन के सहयोग से 151 सूप वितरित किए गए। उन्होंने बताया कि इस पहल का उद्देश्य छठ व्रतियों की सुविधा सुनिश्चित करना है।
इस अवसर पर परिषद के अध्यक्ष डॉ. टी.पी. गोलवारा, बाबू भाई, अनंत अरोड़ा, आसिफ कमाल, पंकज गुप्ता, प्रो. वृंदा सिंह, बच्चा प्रसाद यादव, मनोज शर्मा, मनोज सोनवां, अंजू सिंह, अजय यादव, विनय कुमार, विजय कुमार मिश्रा, दयानंद सिंह, मोहम्मद शाहिद अंसारी, नैयर इकबाल, साधना मिश्रा, अवधेश यादव और ज्ञान प्रकाश सहित कई अन्य सदस्यों ने सूप वितरण में योगदान दिया।







