पटना सिटी । छठ पर्व के अवसर पर मंगल तालाब पर पटना नगर निगम द्वारा जनता को आकर्षित करने की योजना एक बार फिर विफल रही। पटना जिला सुधार समिति क...
पटना सिटी । छठ पर्व के अवसर पर मंगल तालाब पर पटना नगर निगम द्वारा जनता को आकर्षित करने की योजना एक बार फिर विफल रही। पटना जिला सुधार समिति के महासचिव राकेश कपूर ने नगर निगम पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपाईयों के निर्देश पर मंगल तालाब और गांधी सरोवर में छठ पर्व के आयोजन के लिए लाखों रुपये खर्च किए गए, लेकिन यह खर्च व्रतियों को मंगल तालाब घाट पर लाने में असफल साबित हुआ। राकेश कपूर ने कहा कि चुनावी सभाओं में भीड़ जुटाने के लिए पैसे खर्च करना एक अलग बात है, लेकिन धार्मिक आस्था के इस महापर्व के आयोजन में जनता को उचित सुविधाएं प्रदान करना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने पटना नगर निगम और प्रशासन पर आरोप लगाया कि उन्होंने पिछले साल के आयोजनों से कोई सीख नहीं ली और इस बार भी व्रतियों के लिए आवश्यक सुविधाओं की अनदेखी की। कपूर ने कहा कि धार्मिक आयोजनों के नाम पर जनता के टैक्स का दुरुपयोग करना और केवल राजनीतिक महत्वकांक्षाओं की पूर्ति के लिए पैसे खर्च करना अस्वीकार्य है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि इन अनियमितताओं पर तत्काल रोक नहीं लगाई गई, तो वे इसके खिलाफ सख्त कदम उठाएंगे। उन्होंने राज्य सरकार से अपील की कि जनता के पैसे का दुरुपयोग बंद किया जाए और छठ पर्व जैसे महापर्व पर व्रतियों की आस्था को ठेस पहुंचाने वाले प्रयासों से दूर रहकर उन्हें सुविधाएं प्रदान की जाएं।




