NEWS CITY, पटना: बिहार के मुख्यमंत्री आवास के बाहर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक युवक ने खुद को आग लगाने की कोशिश की। यह घटना तब घटी जब मुख...
NEWS CITY, पटना: बिहार के मुख्यमंत्री आवास के बाहर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक युवक ने खुद को आग लगाने की कोशिश की। यह घटना तब घटी जब मुख्यमंत्री आवास पर एनडीए की एक महत्वपूर्ण बैठक चल रही थी। युवक बिहार पुलिस की कार्यप्रणाली से नाराज था
और अपनी मां के लिए न्याय की गुहार लगा रहा था। कड़ी सुरक्षा के बावजूद, युवक अचानक वहां पहुंच गया और खुद पर पेट्रोल छिड़क लिया। उसके हाथ में एक पुतला भी था, जिसे उसने जलाकर विरोध जताया।
सूत्रों के अनुसार, इस दौरान मुख्यमंत्री आवास से मात्र 15 कदम की दूरी पर एनडीए की बैठक हो रही थी, जिसमें सत्ताधारी दल के सांसद, विधायक, और अन्य बड़े नेता उपस्थित थे। सुरक्षा के लिए सैकड़ों जवान तैनात थे, फिर भी युवक गेट तक पहुंचने में सफल रहा। पुलिसकर्मियों ने उसे रोकने की कोशिश की, लेकिन वह सीएम आवास के गेट तक पहुंच गया।
युवक ने पुलिस की उपस्थिति में पुतले को आग लगा दी और "पटना पुलिस मुर्दाबाद" के नारे लगाने लगा। स्थिति बिगड़ती देख, मुख्यमंत्री सुरक्षा में तैनात एक अधिकारी ने झपट्टा मारकर युवक को काबू में कर लिया। युवक का आरोप था कि पुलिस उसकी मां के हत्यारों को बचा रही है, जो कथित तौर पर बीजेपी से जुड़े हैं।
बताया गया है कि युवक का नाम राजेश कुमार सिंह है, और उसका दावा है कि दानापुर थाना कांड संख्या 986/24 के तहत उसकी मां की हत्या स्कॉर्पियो गाड़ी से कुचल कर कर दी गई थी। इस मामले में मर्डर केस दर्ज होने के बावजूद पुलिस ने अभी तक कोई कार्रवाई नहीं की है। राजेश का आरोप है कि राजनीतिक दबाव के कारण पुलिस निष्क्रिय बनी हुई है, और वह अपनी मां के लिए न्याय चाहता है।








