पटना सिटी: दीपावली के पूर्व संध्या पर नागरिक अधिकार मंच द्वारा पादरी की हवेली स्थित मिशनरी ऑफ चैरिटी अनाथालय में दीपोत्सव कार्यक्रम का आयोजन...
पटना सिटी: दीपावली के पूर्व संध्या पर नागरिक अधिकार मंच द्वारा पादरी की हवेली स्थित मिशनरी ऑफ चैरिटी अनाथालय में दीपोत्सव कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस खास अवसर पर छोटे-छोटे बच्चियों एवं महिलाओं ने मिलकर दीप जलाए और एक-दूसरे को मिठाइयाँ खिलाकर दीपावली की खुशियाँ साझा कीं। इस कार्यक्रम में मंच के सदस्य एवं पूर्व पार्षद बलराम चौधरी के साथ निगम पार्षद शोभा देवी, समाजसेवी मोहम्मद जावेद, देवरतन प्रसाद, शरीफ अहमद, रंगरेज शौकत अली, और एजाजुद्दीन उर्फ सानू सहित अन्य गणमान्य लोग भी उपस्थित थे।
बलराम चौधरी ने इस अवसर पर कहा कि अनाथालय में रह रहे शारीरिक रूप से लाचार लोगों के बीच दीपावली का यह उत्सव उत्साह और उमंग का संचार करने का माध्यम है। उन्होंने बताया कि नागरिक अधिकार मंच हर साल इस कार्यक्रम का आयोजन करता है और इसका स्थानीय लोगों को बेसब्री से इंतजार रहता है। अनाथालय के निवासियों के साथ यह विशेष उत्सव उनकी जिंदगी में खुशी लाता है, जो उनके लिए किसी उपहार से कम नहीं होता।
समाजसेवियों ने इस दौरान लोगों को दीपावली के महत्व और हमारे संस्कृति एवं सभ्यता से इसके संबंध को भी समझाया। उन्होंने बताया कि दीपावली का पर्व हमें जीवन शैली और प्रकृति को संरक्षित करने की प्रेरणा देता है। कार्यक्रम के दौरान मिशनरी ऑफ चैरिटी की सिस्टरों ने भी इस आयोजन का स्वागत किया और मंच के सदस्यों की सराहना की।
समापन में सभी समाजसेवियों एवं नागरिकों, जिनमें अमन कुमार, आशीष कुमार, हर्ष चौधरी, आंचल कुमारी शामिल थे, ने एक-दूसरे को दीपावली की बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।






