PATNA : सुलतानगंज थानाक्षेत्र के मुसल्लेपुर हाट शाहगंज के समीप देर शाम पूजा पंडाल खोलने के दौरान करंट की चपेट में आने से एक 18 वर्षीय मजद...
PATNA : सुलतानगंज थानाक्षेत्र के मुसल्लेपुर हाट शाहगंज के समीप देर शाम पूजा पंडाल खोलने के दौरान करंट की चपेट में आने से एक 18 वर्षीय मजदूर की मौत हो गई। आनन-फ़ानन में गंभीर रूप से झूलसे मजदूर को इलाज के लिए एनएमसीएच में भर्ती कराया गया। जहां इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों द्वारा घटना की जानकारी पुलिस को दिए जाने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को अपने कब्जे में लेकर उसे पोस्टमार्टम के लिए नालंदा मेडिकल कॉलेज भेज दिया है। मृतक की पहचान मुजफ्फरपुर जिले के विसंतपुर कांटी निवासी नागेश्वर प्रसाद के 18 वर्षीय पुत्र मोनू कुमार के रूप में की गई है। बताया जाता है कि मोनू कुमार पीरबहोर थानाक्षेत्र के नया टोला इलाके में अपने मामा के घर में रहकर फ्लावर डेकोरेशन का काम करता था। बताया जाता है कि दुर्गा पूजा के मौके पर मुसल्लेपुर हाट में बने पूजा पंडाल को वह खोल रहा था। इसी दौरान वह पंडाल से गुजर रहे विद्युत तार की चपेट में आ गया, जिससे झुलसकर उसकी मौत हो गई। मौके पर मौजूद पुलिस ने घटना की पुष्टि की है। घटना के बाद से मृतक के परिवार में कोहराम मचा है।




