PATNA CITY : मोदी सरकार के बेमिसाल नौ साल पूरे होने पर रविवार को खाजेकलां सामुदायिक भवन में पटना साहिब विधानसभा क्षेत्र के भाजपा जिला, मं...
PATNA CITY : मोदी सरकार के बेमिसाल नौ साल पूरे होने पर रविवार को खाजेकलां सामुदायिक भवन में पटना साहिब विधानसभा क्षेत्र के भाजपा जिला, मंडल व बूथ स्तर के पदाधिकारियों की बैठक हुई। इस बैठक में जून तक आयोजित होनेवाले कार्यक्रमों की रूपरेखा तय की गयी।
बैठक को संबोधित करते हुए पूर्व मंत्री व स्थानीय विधायक नंदकिशोर यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में देश लगातार प्रगति के पथ पर अग्रसर है। पीएम मोदी के शासनकाल में वैश्विक फलक पर भारत की पहचान एक समृद्ध देश के रूप में हो रही है। नौ वर्षों के शासनकाल में मोदी सरकार ने इतनी उपलब्धियां हासिल की है, जिसे गिनते-गिनते अंगुलियां थक जायेंगी, फिर भी पूरी नहीं होगी। शिक्षा, स्वास्थ्य, रक्षा और कृषि चाहे कोई भी क्षेत्र, हर तरफ विकास की बयार बहती महसूस होती है। नये संसद भवन का निर्माण और श्री राममंदिर निर्माण जैसी उपलब्धियां कालजयी हैं, जो कभी भुलायी नहीं जा सकती। इसके अतिरिक्त जन-धन-योजना, उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत योजना, किसान समृद्धि योजना ने देश के लोगों को खुशहाल बनाने में महती भूमिका निभायी है।
श्री यादव ने कहा कि नोटबंदी और जीएसटी के माध्यम से मोदी सरकार ने जहां भारतीय अर्थव्यवस्था को मजबूती दी है, वही ‘तीन तलाक’ को खत्म कर कई मुस्लिम महिलाओं का घर उजड़ने से बचाया है। सर्जिकल स्ट्राइक कर मोदी सरकार ने दुश्मन देशों को बता दिया है कि भारत की तरफ आंख उठानेवालोंं की खैर नहीं है। वहीं, कोरोना काल में भारत ने विश्व के कई देशों को मदद पहुंचा कर मानवता का धर्म निभाया है।
बैठक में जानकारी देते हुए श्री यादव ने बताया कि मोदी सरकार ने बेमिसाल नौ साल पूरे होने पर 30 मई से 30 जून तक कई महत्वपूर्ण कार्यक्रम का आयोजन होगा। जिसमें 6 जून को पटना के श्री कृष्ण मेमोरियल हॉल में सभा, 8 जून को खाजेकलां सामुदायिक भवन में वरिष्ठ कार्यकर्ता सम्मेलन, 11 जून को व्यवसायी सम्मेलन, 13 जून को पटना सिटी के अरोड़ा हाउस में संयुक्त मोर्चा सम्मेलन, 18 जून को रामदेव महतो सामुदायिक भवन में लाभार्थी सम्मेलन, 21 जून को मंगल तालाब परिसर में योग दिवस प्रदर्शनी, 23 जून को डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी बलिदान दिवस पर माननीय मोदी जी का वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग कार्यक्रम, 25 जून को ‘मन की बात’ और 20-30 जून तक घर-घर जनसंपर्क अभियान शामिल हैं। बैठक में किरण शंकर, डॉक्टर गोलवारा, जिलाध्यक्ष अभिषेक कुमार,विनय केशरी,सुरेश पटेल,संजय सिंह,विनोद पासवान,बलराम मंडल,अध्यक्ष सहित सभी मंडलों के पदाधिकारी, मंच मोर्चा के अध्यक्ष महामंत्री सैंकड़ों की संख्या में पार्टी के सभी प्रमुख कार्यकर्ता मौजूद थे।






.jpeg)