पटना सिटी के बहादुरपुर थाना क्षेत्र के पंचवटी नगर स्थित एक लॉज में प्रेम प्रसंग में असफल एक छात्र ने गले में फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। ल...
पटना सिटी के बहादुरपुर थाना क्षेत्र के पंचवटी नगर स्थित एक लॉज में प्रेम प्रसंग में असफल एक छात्र ने गले में फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। लॉज संचालक और परिजनों द्वारा घटना की जानकारी पुलिस को दिए जाने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को अपने कब्जे में लेकर उसे पोस्टमार्टम के लिए नालंदा मेडिकल कॉलेज भेज दिया है। पुलिस ने मृतक के कमरे से सुसाइड नोट भी बरामद किया है, जिसमें प्रेम प्रसंग में खुदकुशी किए जाने की बात लिखी गई है। मृतक छात्र की पहचान बख्तियारपुर के मोहम्मदपुर निवासी हरिहर पासवान के 24 वर्षीय पुत्र राजन कुमार के रूप में की गई है। बताया जाता है की राजन कुमार पिछले एक वर्ष से बहादुरपुर थानाक्षेत्र के पंचवटी नगर स्थित सुनील कुमार के लॉज में रहकर प्रतियोगिता परीक्षा की तैयारी कर रहा था। बताया यह भी जाता है कि राजन कुमार का पीहू नामक किसी लड़की के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था। बताया यह भी जाता है की हाल के दिनों में किसी बात को लेकर दोनों के बीच मतभेद उत्पन्न हो गया था, जिससे हताश और निराश होकर राजन कुमार ने गले में फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। मौके पर मौजूद बहादुरपुर थानाध्यक्ष योगेश चंद्र ने घटना की पुष्टि करते हुए जल्द ही पूरे मामले का उद्भेदन कर लिए जाने का भी भरोसा दिलाया है। थानाध्यक्ष ने पूरी घटना से मृतक के परिजनों को भी अवगत करा दिए जाने की भी बात दोहराई है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की छानबीन में जुटी है।




