पटना सिटी। सुल्तानगंज थाना क्षेत्र के टिकिया टोली, चाईं टोला मोहल्ले में अपराधियों ने 40 वर्षीय एक विधवा महिला को ईंट-पत्थर से कूंच कर हत्य...
पटना सिटी। सुल्तानगंज थाना क्षेत्र के टिकिया टोली, चाईं टोला मोहल्ले में अपराधियों ने 40 वर्षीय एक विधवा महिला को ईंट-पत्थर से कूंच कर हत्या कर दी है।मृतका की पहचान पिंकी देवी के रूप में की गई हैं। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद देर शाम शव परिजनों के हवाले कर दिया। घटना का कारण प्रथम दृष्टया संपत्ति विवाद माना जा रहा है। इधर घटना की खबर फैलते ही मोहल्ले में सनसनी फैल गई। घटना स्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना सुल्तानगंज थाना पुलिस को दी। सुलतानगंज थानाध्यक्ष शेर सिंह यादव ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि घटना की छानबीन की जा रही है। उन्होंने बताया कि पिंकी देवी के मां के बयान पर लिखित शिकायत दर्ज कर लिया गया हैं। जिसमें पांच लोगों को नामजद किया गया है। फिलहाल एक आरोपित पिंकी देवी के भाई अनिल महतो की बेटी ज्योति कुमारी को गिरफ्तार कर लिया गया है। जिससे पूछताछ की जा रही है। वहीं पिंकी देवी के मौसेरे भाई जयराम प्रसाद ने बताया कि उनकी मौसेरी बहन पिंकी के पति सुनील महतो की पहले ही मौत हो चुकी है। उसे कोई संतान भी नही था। वहीं पिंकी के पति सुनील की मौत के बाद से ही उनके दोनों भाई अनिल महतो व सुरेश महतो जायदाद हड़पने के उद्देश्य से पिंकी को प्रताड़ित करती थी। दोनों पिंकी को हिस्सा नहीं देना चाहते थे। इधर अपने हिस्से की दावेदारी जताते हुए बिना बंटवारा के ही पिंकी अमीन से जमीन की मापी कराकर निर्माण कार्य करवा रही थी। उसके बाद उनके ससुराल वालों ने घटना को अंजाम दिया। पिंकी के मौसेरे भाई जयराम प्रसाद ने बताया कि हत्यारों ने उनकी मौसेरी बहन पिंकी का हाथ-पैर तार से बांध कर ईंट-पत्थर से कूंच कर हत्या कर दी थी। उन्होंने बताया कि मंगलवार की सुबह मेरे चचेरे भाई के ससुराल वालों ने सूचना दी कि पिंकी को काफी चोट लगी है। उसके बाद उन्होंने अपने मौसेरे भाई व मौसी को घटनास्थल पर भेजा तो उन्होंने देखा कि पिंकी मृत पड़ी है। घटना की सूचना मिलते ही वहां पहुंचकर पुलिस से न्याय की गुहार लगाई। साथ ही मामले में पिंकी के भैसुर, जेठानी व भतीजी को नामजद करते हुए कार्रवाई की मांग की। उन्होंने बताया कि मामले में पिंकी के भैंसुर सुरेश महतो व उनकी पत्नी मंजू देवी, अनिल महतो व उनकी पत्नी किरण देवी व इनकी बेटी ज्योति कुमारी को नामजद करते हुए मामला दर्ज कराया गया है। थानाध्यक्ष ने भी इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि मामला दर्ज होने के बाद ज्योति कुमारी को गिरफ्तार कर लिया गया है। जबकि अन्य की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
वहीं घटना के बाद से अन्य नामजद फरार हैं।




