पूर्णिया। जिला पुलिस ने विगत 13 मई को गुलाबबाग में हुए ₹5 लाख रुपये लूट कांड का खुलासा कर लिया है. पुलिस ने इस मामले में तीन अंतरजिला लुटेर...
पूर्णिया। जिला पुलिस ने विगत 13 मई को गुलाबबाग में हुए ₹5 लाख रुपये लूट कांड का खुलासा कर लिया है. पुलिस ने इस मामले में तीन अंतरजिला लुटेरा गिरोह के सदस्यों को गिरफ्तार किया है. इन लुटेरों के पास से लूटे गए 3 लाख 20 हजार रुपये समेत एक पिस्तौल, दो देसी कट्टा और 11 कारतूस भी पकड़ा है.
एसपी दयाशंकर ने कहा कि 13 मई को गुलाबबाग के व्यवसाई प्रहलाद जायसवाल का ₹5 लाख रुपये लूटने की सूचना मिली थी. इसके बाद सदर एसडीपीओ आनंद पांडे के नेतृत्व में टीम गठित कर सदर थाना पुलिस ने कार्रवाई शुरू की. जिसमें तीन लुटेरे पप्पू सिंह, शाहनवाज राज उर्फ बच्चू और कंचन ऋषि को गिरफ्तार किया गया. इनके पास से पुलिस ने लूटे गए 3 लाख ₹ 20 हजार रुपये भी बरामद कर लिया.
एसपी ने कहा कि इसके अलावा कल गुप्त सूचना पर सदर थाना की पुलिस ने गुलाबबाग जीरोमाइल से एक अंतर्राज्यीय हथियार तस्कर मोहम्मद आलम को गिरफ्तार किया था. उनके पास से दो अवैध बंदूक और पांच कारतूस भी बरामद किया गया था. यह हथियार तस्कर भागलपुर से मुंगेर मेड बंदूक लाकर बंगाल के पांजीपाड़ा में बेचने के लिए ले जा रहा था.
बहरहाल गुप्त सूचना पर पुलिस ने रंगे हाथ अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया. पूछने पर तस्कर ने बताया कि वह पिछले कई सालों से हथियार की तस्करी करता था. जबकि उनके साथी अभी भी फरार हैं. अन्य लोगों के गिरफ्तारी का भी प्रयास किया जा रहा है. एसपी ने कहा कि पुलिस टीम द्वारा लगातार सराहनीय कार्य किया गया है. इसके लिए उन्हें पुरस्कृत भी किया जाएगा.
पूर्णिया से श्याम नंदन की रिपोर्ट।।





