पटना सिटी (न्यूज सिटी)। चौक थाना क्षेत्र के हाजीगंज स्थित कैमाशिकोह मोहल्ले में रविवार की देर रात एक ही समय में अलग-अलग स्थानों पर असामाजिक...
पटना सिटी (न्यूज सिटी)। चौक थाना क्षेत्र के हाजीगंज स्थित कैमाशिकोह मोहल्ले में रविवार की देर रात एक ही समय में अलग-अलग स्थानों पर असामाजिक तत्वों द्वारा तीन बाइक को आग के हवाले कर दिया गया। जिससे सभी बाइक जलकर पूरी तरह नष्ट हो गई। स्थानीय लोगों के अनुसार घटना बीते रात 12:00 से 1:00 बजे की है। घटना की जानकारी स्थानीय लोगों ने आनन-फानन में चौक थाना की पुलिस को दी। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस पूरे मामले की छानबीन में जुटी है। हालांकि इस घटना में पुलिस ने 3 लोगों को चिन्हित किया है। जिसमें से एक आरोपी को स्थानीय लोगों ने पकड़कर पुलिस के हवाले सौंप दिया है।
गौरतलब है कि बीते शनिवार की रात में भी इसी जगह पर असामाजिक तत्वों ने एक साथ 5 बाइक को आग के हवाले कर दिया था। जिससे सभी बाइक बुरी तरह जल कर नष्ट हो गई थी। जिसके बाद स्थानीय लोगों ने काफी हो हल्ला व हंगामा करने लगे। जिसके बाद पुलिस को इस मामले में भी जानकारी होने पर मौके पर पहुंचकर छानबीन कर रही थी। वही पुलिस घटना में सुराग जुटाने के लिए आसपास के इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद फुटेज को भी तलाश रही थी।
ताकि बाइक में आग लगाने वाले उपद्रवियों का पता चल सके। जिसके बाद पुलिस ने बीते रविवार की देर रात घटना को अंजाम देने वाले एक आरोपी को स्थानीय लोगों की मदद से गिरफ्तार कर लिया है। जबकि दो अन्य आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस संघन छापेमारी कर रही है।






