पटना। केंद्र सरकार द्वारा पारित तीन कृषि कानूनों के खिलाफ रविवार को फुलवारी शरीफ के पेठिया बाज़ार पर ऑल इंडिया पीपल्स फोरम (एआइपीएफ) के बैनर...
पटना। केंद्र सरकार द्वारा पारित तीन कृषि कानूनों के खिलाफ रविवार को फुलवारी शरीफ के पेठिया बाज़ार पर ऑल इंडिया पीपल्स फोरम (एआइपीएफ) के बैनर तले आयोजित कार्यक्रम "किसानों के साथ हम पटना के लोग" में छठे दिन प्रबुद्ध नागरिक समाज के अनेक लोग जुटे और तीन कृषि कानूनों के जनविरोधी परिणामों से लोगों को अवगत कराते हुए किसान आंदोलन के साथ एकजुट होने का आह्वान किया। सभा को संबोधित करते हुए बतौर मुख्य वक्ता भाकपा-माले के फुलवारी शरीफ विधायक गोपाल रविदास ने कहा कि मोदी सरकार आम-अवाम की थाली से दाना-पानी छीनकर अंबानी-अडानी जैसे पूंजीपतियों के लिए देश में कंपनी राज स्थापित करना चाहती है।
उन्होंने इन कानूनों को असंवैधानिक बताते हुए केंद्र सरकार पर तीखा हमला करते हुए कहा कि देश से लोकतंत्र खत्म कर लोगों को दाने-दाने का मोहताज बनाने की तैयारी है जिसके खिलाफ किसान आज सड़कों पर आंदोलन कर रहे हैं। लोगों से किसान आंदोलन का समर्थन करने की अपील करते हुए माले विधायक ने कहा कि आने वाले विधानसभा सत्र में भाकपा-माले महागठबंधन की अन्य पार्टियों के साथ मिलकर नीतीश सरकार पर तीन कृषि कानूनों के खिलाफ प्रस्ताव पारित करने की पुरजोर मांग उठाएगी।
पटना से ललित नारायण सिंह की रिपोर्ट।।





