पटना (न्यूज सिटी)। जदयू प्रवक्ता श्री राजीव रंजन प्रसाद ने कहा कि बिहार के नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव बिहार की पृष्ठ भूमि से एक बार फिर गा...
पटना (न्यूज सिटी)। जदयू प्रवक्ता श्री राजीव रंजन प्रसाद ने कहा कि बिहार के नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव बिहार की पृष्ठ भूमि से एक बार फिर गायब है। यह पहला मौका नहीं है जब नेता प्रतिपक्ष बिहार से गायब है। ऐसे दर्जनों मौकों पर वह बिहार की जनता को छोड़कर किसी अज्ञातवास में चले जाते हैं। जिसकी जानकारी ना तो उनके ही पार्टी के वरिष्ठ नेताओं को है ना ही महागठबंधन के उनके साथियों को है। बिहार की जनता को अब उनके अनुपस्थिति की आदत हो गई है।
श्री प्रसाद ने कहा कि चाहे चमकी बुखार के समय हो या फिर बाढ़ के समय तेजस्वी यादव हमेशा बिहार की जनता को ठगने का काम किया है। कोरोना काल में भी जब बिहार की जनता परेशानियों से जूझ रही थी उस समय में भी नेता प्रतिपक्ष अपने कर्तव्यों से विमुख हो दिल्ली में आराम कर रहे थे। तेजस्वी यादव बिहार में आपको उन समयों पर जरूर नजर आएंगे जिसमें वह अपने राजनीतिक हितों को साध सके। उन्हें बिहार की जनता की याद केवल चुनाव के समय आती है। सदन के बीच सत्र में ही वह गायब हो जाते हैं।
श्री प्रसाद ने कहा कि तेजस्वी यादव ने कभी एक जिम्मेवार नेता प्रतिपक्ष की भूमिका निभाई ही नहीं है। उनका एक ही मूल मंत्र है सरकार की नीतियों का विरोध करना। ना ही तेजस्वी यादव ने और ना ही उनकी पार्टी ने कभी भी सकारात्मक विपक्ष की भूमिका निभाई है।




